Loading...

ये है दुनिया के सबसे ताकतवर मुल्क का हाल! पिता को पकड़ने के लिए 5 साल के बच्चे को बनाया चारा, जानें पूरा मामला

मिनेसोटा के कोलंबिया हाइट्स इलाके में एक 5 साल के बच्चे लियाम कोनेजो रामोस को फेडरल इमिग्रेशन अधिकारियों ने हिरासत में लिया है। यह घटना मंगलवार दोपहर को तब हुई जब बच्चा प्रीस्कूल से घर लौट रहा था। स्कूल अधिकारियों और परिवार के वकील के अनुसार बच्चा चौथी कक्षा का छात्र है। कोलंबिया हाइट्स पब्लिक स्कूल्स की सुपरिटेंडेंट जेना स्टेनविक ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि ICE एजेंटों ने स्कूल के पास कार से लियाम को बाहर निकाला। एजेंटों ने बच्चे से घर का दरवाजा खटखटाने को कहा ताकि देखा जा सके कि अंदर कोई और है या नहीं। स्टेनविक ने इसे 'एक 5 साल के बच्चे को चारा बनाने' जैसा बताया।

'बच्चे को हिरासत में क्यों लिया गया'

जेना स्टेनविक ने आगे कहा कि पिता एड्रियन अलेक्जेंडर कोनेजो एरियस ने घर में मौजूद मां को दरवाजा ना खोलने की सलाह दी। परिवार 2024 में अमेरिका आया था और उनका Asylum का केस चल रहा है। अभी तक उन्हें देश छोड़ने का कोई आदेश नहीं मिला था। स्टेनविक ने सवाल उठाया, "एक 5 साल के बच्चे को हिरासत में क्यों लिया गया? इसे हिंसक अपराधी नहीं कहा जा सकता।"

DHS की प्रवक्ता ने क्या कहा?

इस मामले पर डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) की प्रवक्ता ट्रिशिया मैकलग्लिन ने बयान जारी कर कहा कि ICE ने बच्चे को निशाना नहीं बनाया। वो पिता को गिरफ्तार करने आए थे, जो इक्वाडोर से हैं और अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे हैं। मैकलग्लिन के अनुसार, पिता पैदल भाग गए और बच्चे को छोड़ दिया। बच्चे की सुरक्षा के लिए एक अधिकारी उसके साथ रहे, जबकि अन्य ने पिता को पकड़ा। अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा कि लियाम रामोस अभी सिर्फ एक बच्चा है। उसे अपने परिवार के साथ घर पर होना चाहिए ना कि ICE द्वारा चारा बनाया जाना चाहिए और टेक्सास के डिटेंशन सेंटर में रखा जाना चाहिए।