Loading...

शर्मनाक: मुंबई में 20 साल की दिव्यांग युवती से दुष्कर्म, DNA रिपोर्ट के बाद पिता गिरफ्तार

साउथ मुंबई इलाके से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कफ परेड पुलिस ने एक 50 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपनी ही 20 वर्षीय दिव्यांग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप है। पीड़िता मानसिक रूप से असमर्थ है, वह बोल और सुन नहीं सकती। जांच के दौरान सामने आया कि वह पांच महीने की गर्भवती थी। डीएनए जांच रिपोर्ट में गर्भ में पल रहे भ्रूण का डीएनए पिता से मेल खाने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, यह मामला पिछले साल सितंबर 2025 में सामने आया। पीड़िता ने अपनी दादी को इशारों में पेट में अजीब तकलीफ की शिकायत की थी। उसने बताया कि उसे पेट में “कीड़े चलने” जैसा महसूस हो रहा है। परिवार के सदस्य उसे कामा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मेडिकल जांच के बाद बताया कि युवती करीब पांच महीने की गर्भवती है। यह जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कफ परेड पुलिस को सूचित किया।

पिता ने पुलिस को क्या बताया था?

शुरुआत में पीड़िता अपनी दिव्यांगता के कारण स्पष्ट बयान देने की स्थिति में नहीं थी। उसके पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी बचपन से ही मानसिक रूप से असमर्थ है और किसी भी तरह के यौन शोषण की बात से इनकार किया। उसने यह भी कहा कि परिवार की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई जाएगी। हालांकि, पुलिस ने संवेदनशीलता के साथ आगे की कार्रवाई की और काउंसलिंग के दौरान पीड़िता ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की सहमति दी।

पुलिस ने दर्ज की थी FIR

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसमें ऐसी महिला के साथ दुष्कर्म, जो सहमति देने में सक्षम नहीं है, और मानसिक व शारीरिक रूप से दिव्यांग व्यक्ति के यौन शोषण से जुड़ी धाराएं शामिल की गईं। पुलिस के मुताबिक, यह अपराध 21 मार्च से 21 सितंबर 2025 के बीच हुआ था और एफआईआर 22 सितंबर 2025 को दर्ज की गई।

DNA रिपोर्ट में क्या निकला?

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के आधार पर 17 से अधिक लोगों के खून के नमूने लिए और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा। साथ ही, भ्रूण का सैंपल भी डीएनए परीक्षण के लिए भेजा गया। 27 जनवरी 2026 को फॉरेंसिक लैब से आई रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि भ्रूण का डीएनए पीड़िता के पिता से मेल खाता है।

पिता के खिलाफ पुख्ता सबूत सामने आए

डीएनए रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता से पूछताछ की, जहां उसके खिलाफ पुख्ता सबूत सामने आए। गंभीर अपराध और कड़ी सजा की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पहले भी एक 34 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।