क्या बहुत ज्यादा सोचने से भी शरीर बीमार हो सकता है? स्ट्रेस और हेल्थ का कनेक्शन समझिए
आज के समय में बहुत ज्यादा सोचने की आदत कई लोगों में देखी जा रही है. काम का दबाव, भविष्य की चिंता, पारिवारिक जिम्मेदारियां और रोजमर्रा की समस्याएं अक्सर लोगों को जरूरत से ज्यादा सोचने पर मजबूर कर देती हैं. कई लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर भी लंबे समय तक सोचते रहते हैं, जिससे दिमाग को पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता. धीरे-धीरे यह आदत व्यक्ति की दिनचर्या का हिस्सा बन सकती है. एक्सपर्ट्स के अनुसार जब कोई व्यक्ति लगातार ज्यादा सोचता है, तो इसका असर केवल मन पर ही नहीं बल्कि शरीर पर भी पड़ सकता है.
मानसिक तनाव बढ़ने पर शरीर में हॉर्मोन का संतुलन भी प्रभावित हो सकता है. इससे शरीर के सामान्य कामकाज पर असर पड़ने लगता है. बहुत ज्यादा सोचने से व्यक्ति थकान, बेचैनी और मानसिक दबाव महसूस कर सकता है. आइए, ऐसे में जानते हैं कि बहुत ज्यादा सोचने से क्या समस्याएं हो सकती हैं, इसके लक्षण क्या हैं और इससे बचाव कैसे किया जा सकता है.
बहुत ज्यादा सोचने से क्या समस्याएं हो सकती हैं?
दिल्ली में न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. राजेश कुमार बताते हैं कि बहुत ज्यादा सोचने की आदत का असर धीरे-धीरे शरीर और मन दोनों पर पड़ सकता है. लगातार मानसिक दबाव में रहने से तनाव बढ़ने लगता है, जिससे सिरदर्द, थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है. कई लोगों को नींद से जुड़ी समस्याएं भी होने लगती हैं, जैसे देर तक नींद न आना या बार-बार नींद टूटना. इसके अलावा ज्यादा सोचने से व्यक्ति का ध्यान काम या पढ़ाई में कम लग पाता है.
कुछ लोगों को बेचैनी, घबराहट और चिड़चिड़ापन भी महसूस हो सकता है. लंबे समय तक तनाव बने रहने से पाचन से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं. कई बार व्यक्ति खुद को मानसिक रूप से थका हुआ महसूस करता है और एनर्जी का स्तर भी कम हो जाता है. ऐसी स्थिति में रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल लग सकता है. इसलिए बहुत ज्यादा सोचने की आदत को समय रहते कंट्रोल करना जरूरी माना जाता है.
क्या हैं लक्षण?
बहुत ज्यादा सोचने की आदत के कुछ संकेत समय के साथ दिखाई देने लगते हैं. व्यक्ति छोटी-छोटी बातों को लेकर बार-बार चिंतित रहता है और मन को शांत करना मुश्किल हो जाता है. कई लोगों को रात में नींद आने में परेशानी हो सकती है या नींद पूरी नहीं हो पाती.
इसके अलावा थकान महसूस होना, ध्यान केंद्रित न कर पाना और मन में लगातार चिंता बनी रहना भी इसके सामान्य लक्षण हो सकते हैं. कुछ लोगों को चिड़चिड़ापन या बेचैनी भी महसूस हो सकती है.
कैसे करें बचाव
बहुत ज्यादा सोचने की आदत को कम करने के लिए लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करना मददगार हो सकता है. नियमित व्यायाम, ध्यान और योग करने से मन को शांत रखने में मदद मिल सकती है.
इसके अलावा पर्याप्त नींद लेना और अपनी दिनचर्या को संतुलित रखना भी जरूरी है. अगर तनाव या चिंता लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना भी फायदेमंद हो सकता है.
