दिल्ली के दौरे पर DyCM शिवकुमार, कर्नाटक में CM पद को लेकर फिर से अटकलें तेज, आलाकमान से जल्द मिलेंगे कई विधायक

कर्नाटक में सत्तारुढ़ कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की बात लंबे समय से चल रही है. हालांकि मुख्यमंत्री बदलने की मांग पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है. अब प्रदेश के उपमु्ख्यमंत्री डीके शिवकुमार एक बार फिर नई दिल्ली के दौरे पर हैं तो उनकी इस यात्रा को लेकर सियासी अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं. उनकी इस यात्रा को कर्नाटक विधानसभा के बजट सत्र के बाद राज्य में नेतृत्व में संभावित बदलाव से जोड़ा जा रहा है. वहीं सत्र के बाद पार्टी के कई विधायक दिल्ली में आलाकमान से मिलने की तैयारी में है.

आधिकारिक और पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, शिवकुमार कल रविवार शाम कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ कलबुर्गी से राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हुए. इससे पहले दिन में, दोनों नेता जिले के चित्तपुर में 1,069 करोड़ रुपये के अलग-अलग विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स को लॉन्च करने के दौरान एक ही मंच पर मौजूद थे.

निजी कार्यक्रम के लिए आए दिल्ली

मीडिया के साथ शेयर किए गए कांग्रेस नेता शिवकुमार के कार्यक्रम के मुताबिक, वह एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नई दिल्ली में हैं. वह आज सोमवार को दिन में ही बेंगलुरु लौट जाएंगे.

राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर सीएम सिद्धारमैया और शिवकुमार के समर्थकों की ओर से बार-बार यह मामला उठाया जाता रहा है. सिद्धारमैया खुद कह चुके हैं कि वह ही मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे. शिवकुमार के बीच चल रही खींचतान के बीच, सीएम सिद्धारमैया ने पिछले शनिवार को कहा था कि अगर कांग्रेस आलाकमान उन्हें मौका देता है तो वह मुख्यमंत्री पद पर बने रह सकते हैं, साथ में 2 और बजट भी पेश कर सकते हैं.

बजट सत्र के बाद फिर होगी हलचल

सिद्धारमैया ने बतौर वित्त मंत्री पिछले हफ्ते शुक्रवार को अपना रिकॉर्ड 17वां बजट पेश किया था. हालांकि अब खबर यह है कि शिवकुमार के कुछ बेहद करीबी विधायकों ने विधानसभा के बजट सत्र के बाद पार्टी आलाकमान से अपने नेता को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाने को अनुरोध करने के लिए दिल्ली जाने का इरादा जताया है. विधानसभा का बजट सत्र 27 मार्च को खत्म होने वाला है.

इस बीच, शिवकुमार कल मंगलवार (10 मार्च) को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष के तौर पर अपने 6 साल पूरे होने के मौके पर प्रदेश के सभी मंत्रियों, कांग्रेस विधायकों और MLC के लिए डिनर होस्ट करने वाले हैं.

पूरा सब्र रख रहा हूंः शिवकुमार

इससे पहले राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर जारी अटकलों के बीच शिवकुमार ने पिछले हफ्ते मंगलवार को कहा था कि वह ‘पूरा सब्र’ रख रहे हैं और मुख्यमंत्री पद को लेकर उनकी ओर से क्रांति शुरू करने का कोई इरादा नहीं है. शिवकुमार का कहना था कि उन्होंने कभी भी नेतृत्व में बदलाव के बारे में सार्वजनिक तौर पर कभी कोई बात नहीं की है, मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई भी बातचीत पूरी तरह से उनके, सीएम सिद्धारमैया और पार्टी आलाकमान के बीच है.

हालांकि पार्टी के कई नेता सीएम पोस्ट को लेकर खुले तौर पर बयानबाजी के लिए नाराजगी जता चुके हैं और विधायकों को इससे बचने की सलाह भी दी जा चुकी है. वहीं पार्टी अनुशासन पर जोर देते हुए शिवकुमार ने कहा कि वह नहीं चाहते कि उन्हें संगठन को नुकसान पहुंचाते हुए देखा जाए. उन्होंने कहा, “पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते, किसी को यह नहीं कहना चाहिए कि मैंने इस पद से पार्टी के साथ अन्याय किया है. मैं नहीं चाहता कि मेरी वजह से लाखों कार्यकर्ताओं को परेशानी हो.”

Image Gallery