‘ईरान लड़ने चले जाओ’… पीस कमेटी की बैठक में संभल CO बोले- खुजली मच रही तो इलाज कर देंगे हम

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में जो भी पुलिस अधिकारी आता है, वो अपने बयानों और कार्रवाई को लेकर चर्चा में आ जाता है. चाहे वर्तमान SP कृष्ण कुमार बिश्नोई हों, पूर्व में CO रहे अनुज चौधरी या ASP श्रीशचंद्र हों. अब CO सदर कुलदीप कुमार का बयान चर्चा में है. गुरुवार को पीस कमेटी की बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि ईरान-इजरायल के बीच हो रहे युद्ध के बीच यहां बहुत सारे लोगों को खुजली हो रही है. जिसे इससे ज्यादा दिक्कत हो रही है, वह जहाज में बैठकर ईरान जाएं. ईरान की तरफ से लड़ाई लड़कर वापस उसी जहाज पर बैठकर आ जाएं.

संभल कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक

दरअसल, अलविदा जुमा की नमाज और ईद-उल-फितर को लेकर संभल पुलिस-प्रशासन विशेष तैयारी कर रहा है. गुरुवार को संभल कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अगुवाई सीओ सदर कुलदीप कुमार ने की. इस दौरान सीओ सदर कुलदीप कुमार ने नमाजियों को कड़ी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि ईरान-इजरायल के बीच हो रहे युद्ध के बीच यहां बहुत सारे लोगों को खुजली हो रही है. मैं यही कहना चाहूंगा कि जिसे ज्यादा दिक्कत हो रही है, वह जहाज में बैठकर ईरान जाएं. ईरान की तरफ से लड़ाई लड़कर वापस जहाज में बैठकर आ जाएं.

बहुत बढ़िया वाला इलाज करेंगे

सीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि दो देशों के बीच हो रहे झगड़े का असर हमारे जिले की कानून-व्यवस्था पर पड़ेगा तो फिर बहुत बढ़िया वाला इलाज हम करेंगे. इसलिए अलविदा जुमा की नमाज के दौरान किसी भी देश के विरोध में स्लोगन बाजी नहीं होनी चाहिए, काली पट्टी बांधकर नमाज नहीं होना चाहिए. सीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि हम हिंदुस्तानी हैं. यहां पर सभी लोग शांति सुकून से रह रहे हैं. जिन दो देशों के बीच में लड़ाई हो रही है, वह उनके अपने अंतरराष्ट्रीय मुद्दे हैं. वहां के लोग इसको समझें.

पुलिस वहां तक इलाज करती है, जहां तक…

सीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि यहां अगर कोई व्यक्ति ईरान को लेकर छाती पीटेगा तो वह खुद ईरान चले जाए. कोई व्यक्ति जिले की फिजा बिगाड़े, ये चीज हम बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे. इसलिए यह चीज बिल्कुल समझ लें और समझा दें कि पुलिस फिर वहां तक इलाज करती है, जहां तक वह पोस्टर छपते हैं और जहां पर वो स्लोगन लिखे जाते हैं, फिर वहीं तक इलाज होता है.

ये प्यार और सौहार्द का त्योहार

सीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि ये प्यार, सौहार्द और मीठी सेवई का त्योहार है, लेकिन मिठाई में कड़वाहट एकदम घुल जाती है, इसलिए ऐसा किसी को न करने दें. वहीं बैठक में मौजूद समाजसेवी हाजी एहतेशाम और अन्य लोगों ने भी शहरवासियों से अपील की कि त्योहार को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाए.

Image Gallery