केरल कांग्रेस में टिकट को लेकर घमासान, 9 सांसद विधानसभा चुनाव लड़ने पर अड़े, स्क्रीनिंग कमेटी की ना के बावजूद बना रहे दबाव

हाल ही केरल में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हुआ है, जिसके बाद राजनीतिक दलों के बीच खींचतान शुरू हो गई है. कुछ यही हाल केरल कांग्रेस में भी देखने को मिल रहा है. राज्य में सरकार बनने पर मुख्यमंत्री- मंत्री बनने की चाहत में सांसद चुनाव लड़ने को आमादा हैं. सूत्रों के मुताबिक, स्क्रीनिंग कमेटी मुखिया मधुसूदन मिस्त्री की ना के बावजूद राज्य के 14 सांसदों में से करीब 9 सांसद चुनाव लड़ना चाहते हैं और केंद्रीय चुनाव समिति से गुहार लगा रहे हैं.

कांग्रेस आलाकमान केरल में अपने 9 सांसदों को लेर परेशान हैं. खबर है कि पार्टी के 14 में से 9 सांसद विधानसभा का चुनाव लड़ना चाहते हैं. हालांकि स्क्रीनिंग कमेटी ने मना कर दिया है बावजूद इसके ये विधायक केंद्रीय चुनाव समिति पर दबाव बनाए हुए हैं. विधायक अपने लिए टिकट की गुहार लगा रहे हैं. वहीं कांग्रेस सासंद का कहना है कि अगर कोई जीत सकता है तो वो संसद सदस्य को टिकट दिए जाने के विचार के खिलाफ नहीं हैं.

कांग्रेस को सरकार बनाने की उम्मीद

केरल में 5 साल एलडीएफ और 5 साल यूडीएफ की सरकार रहती आई थी, लेकिन पिछली बार लेफ्ट ने केरल जीतकर इस परंपररा को तोड़ दिया. हाल के लोकल बॉडी चुनावों में जबरदस्त जीत और एंटी इनकंबेंसी की बात कह कांग्रेस सरकार बनाने की बड़ी उम्मीद लगाए हैं. पार्टी के मुताबिक,हर विधानसभा के विधायक का टिकट पाने के लिए आधा दर्जन गंभीर उम्मीदवार हैं. उनमें से किसी एक को टिकट मिले तो सभी उसे पार्टी का निर्णय मान के स्वीकार कर उसकी जीत के लिए लग जाएंगे.

टिकट को लेकर घमासान

वहीं उसके उलट अगर किसी सांसद को टिकट मिलता है तो सभी उसका विरोध करेंगें. पार्टी सूत्रों के मुताबिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि, अगर विधायक सांसद सभी चुनाव में एक ही व्यक्ति को पार्टी मौका देगी तो पांच साल से मेहनत कर रहे कार्यकर्ता कहां जाएंगे?. वहीं सांसदों को लगता है कि विधायक बनकर वो मुख्यमंत्री-मंत्री बनकर सत्ता की मलाई के हिस्सेदार बन सकते हैं. इसलिए वो दबाव बनाए हुए हैं.

9 अप्रैल को एक चरण में वोटिंग

केरल चुनाव की बात करें तो चुनाव आयोग ने रविवार (14) को केरल में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था. राज्य में 9 अप्रैल को एक चरण में वोटिंग होगी. वोटों की गिनती 4 मई को होगी. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए कहा कि केरल विधानसभा की सभी 140 सीटों के लिए एक चरण में मतदान होगा.

केरल चुनाव के लिए अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च होगी. वहीं 24 मार्च को नामांकन पत्र की जांच होगी. 26 मार्च को नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख है. 9 अप्रैल को मतदान होगा और 4 मई को मतगणना होगी. केरल में कुल मतदाताओं की संख्या 2.70 करोड़ है.

Image Gallery