सीजफायर नहीं, स्थायी समाधान… ईरान हॉर्मुज से जापानी जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने को तैयार
ईरान-इजराइल-अमेरिका जंग के कारण दुनियाभर के लोग परेशान हैं. इस युद्ध के कारण अब आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा है. ईरान से लेकर इजराइल तक हर जगह हमलों में कई जगहों को निशाना बनाया गया है. इस बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर भी विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. ईरान यहां से किसी भी देश के जहाजों को नहीं निकलने दे रहा है. हालांकि अब ईरान ने कहा वह जापान के जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए तैयार है.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान जापान के जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित गुजरने में मदद करने के लिए तैयार है. उन्होंने साफ किया कि यह समुद्री रास्ता बंद नहीं किया गया है और खुला है, लेकिन सुरक्षित गुजरने के लिए देशों को ईरान से तालमेल करना होगा.
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान सिर्फ युद्धविराम नहीं, बल्कि पूरी तरह से स्थायी और व्यापक तरीके से युद्ध खत्म करना चाहता है. बता दें कि जापान का ज्यादातर तेल इसी रास्ते से आता है, इसलिए यह रास्ता उसके लिए बहुत अहम है. रास्ता बंद होने के कारण तेल का संकट और भी ज्यादा गहराता जा रहा है.
ईरान का बयान क्यों है खास
ईरान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद इस इलाके में तनाव बढ़ा हुआ है. जलडमरूमध्य में आवाजाही पर कुछ पाबंदियां लगी हुई हैं. इसके चलते दुनिया भर में तेल सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई है. ईरान के विदेश मंत्री ने साफ किया कि वह केवल अस्थायी युद्धविराम नहीं चाहता, बल्कि युद्ध का पूरी तरह और लंबे समय के लिए अंत चाहता है. जापान के लिए यह मामला बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि उसके 90% से ज्यादा कच्चे तेल का आयात मध्य-पूर्व से होता है और इसका बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है.
ईरान-इजराइल में 22 दिन से चल रहा युद्ध
ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच पिछले 22 दिनों से युद्ध चल रहा है. इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान में हमला किया था. उस समय एक साथ 30 जगहों को निशाना बनाया गया था. इस युद्ध में अब तक ईरान टॉप लीडरशिप में से कई बड़े नेता मारे जा चुके हैं. जबकि इजराइल और अमेरिका लगातार ईरान पर हमला कर रहे हैं. दूसरी तरफ ईरान भी इन हमलों का पलटवार कर रहा है.
Live
