ईरान में जो हुआ वो सत्ता परिवर्तन, अब तेल पर ट्रंप की नजर, खर्ग पर कब्जे की बात की
हाल ही में CENTCOM ने पुष्टि की कि USS Tripoli (अमेरिका-क्लास amphibious assault ship) के जरिए लगभग 3500 अमेरिकी सैनिक मिडिल ईस्ट पहुंच गए हैं. अब ट्रंप ने दावा किया है कि वह ईरान के खर्ग द्वीप पर बहुत आसानी से कब्जा कर सकते हैं. इस द्वीप को ईरान की ऑयल इकॉनोमी के लिए अहम माना जाता है. हालांकि इन सैनिकों के बारे में पेंटागन ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है कि इन्हें ग्राउंड इंवेजन के लिए मिडिल ईस्ट भेजा गया है. ये सैनिक ईरान के अंदर नहीं, बल्कि क्षेत्र में तैनात किए गए हैं ताकि ईरान के खिलाफ हवाई और नौसेना अभियान का समर्थन किया जा सके.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रविवार को कहा कि अमेरिका-इजराइल युद्ध के ज़रिए ईरान में सत्ता परिवर्तन हासिल कर लिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वह ईरानियों के साथ जल्द ही कोई समझौता कर लेंगे. ट्रंप का ये दावा खुद में के हास्यादपद माना जा रहा है, क्योंकि अली खामेनेई के बाद उनके ही बेटे ईरान के सुप्रीम लीडर बनाए गए हैं, जो इस्लामिक क्रांति के हार्डलाइनर समर्थक हैं.
हमने सत्ता परिवर्तन तो कर ही लिया है- ट्रंप
एयर फ़ोर्स वन में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि हम उनके साथ कोई समझौता कर लेंगे, मुझे पूरा यकीन है… लेकिन हमने सत्ता परिवर्तन तो कर ही लिया है.” इस दौरान उन्होंने एक महीने तक चले युद्ध में मारे गए ईरानी नेताओं की संख्या का ज़िक्र किया.
ट्रंप ने कहा, “हम ऐसे लोगों से निपट रहे हैं जिनसे पहले किसी ने भी नहीं निपटा है. यह लोगों का एक बिल्कुल ही अलग समूह है. इसलिए मैं इसे सत्ता परिवर्तन ही मानूंगा.”
हम इंतजार कर रहे हैं- ईरान
अमेरिका के संभावित इंवेजन की रिपोर्टों के बीच, ईरान ने वॉशिंगटन को चेतावनी दी है कि ईरानी सेनाएं ज़मीन पर अमेरिकी सैनिकों के आने का इंतज़ार कर रही हैं, ताकि उन्हें आग के हवाले किया जा सके और उनके क्षेत्रीय सहयोगियों को हमेशा के लिए सजा दी जा सके. देश की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकिर कालिबफ ने कहा, “हमारी गोलाबारी जारी है. हमारी मिसाइलें अपनी जगहों पर तैनात हैं, हमारा संकल्प और विश्वास और बढ़ गया है.”
Live
