कैलिफोर्निया में भारतीय गैंगस्टर भानु राणा की हत्या, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक भारतीय गैंगस्टर की हत्या का मामला सामने आया है. हरियाणा के करनाल निवासी कुख्यात गैंगस्टर भानु राणा की हत्या का दावा लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर किया है. हालांकि, एजेंसियां अभी इस पोस्ट की पुष्टि नहीं कर पाई हैं. भानु राणा नवंबर 2025 में अमेरिका में पकड़ा गया था और भारत उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही थी. उस पर हत्या, वसूली और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं.
गैंग की पोस्ट में कहा गया है, “यह देशद्रोही भानु राणा (कैलिफोर्निया) को मैंने सरपंच यूरोप, साहिल दुहान और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मरवाया है. लॉरेंस भाई ने साफ कहा है कि जो भी देश के खिलाफ जाएगा, वह मारा जाएगा.” आगे रोहित गोदारा को भी धमकी दी गई है. पोस्ट में गोल्डी ढिल्लों पर भी आरोप लगाया गया है कि वह अब ड्रग्स का काम करता है और देश की मुखबरी कर रहा है, साथ ही कई अन्य गैंग्स के नाम भी लिखे गए हैं.
कौन था भानु राणा?
भानु राणा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात गैंगस्टर था, जो हरियाणा के करनाल का रहने वाला था. उसे नवंबर 2025 में अमेरिका में पकड़ा गया था. वर्तमान में भारतीय एजेंसियां उसे भारत प्रत्यर्पित करने की प्रक्रिया में जुटी थीं. उस पर हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में हत्या, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं.
पंजाब में एक ग्रेनेड हमले में भी भानु का नाम
पंजाब में हुए एक ग्रेनेड हमले की जांच में भानु राणा का नाम सामने आया था. जून 2025 में करनाल में पकड़े गए उसके गुर्गों ने पूछताछ में माना था कि वे राणा के निर्देशों पर ही काम कर रहे थे. भारतीय एजेंसियां अब इस हत्या के दावे की सत्यता की जांच कर रही हैं.
Live
