बंगाल में वोटिंग से पहले अमित शाह की मैराथन बैठक, अगले 5 दिन कोलकाता में ही रहेंगे गृह मंत्री
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए बीजेपी पुरजोर कोशिश कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह से लेकर पार्टी के तमाम दिग्गज नेता लगातार राज्य में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं. इस बीच मंगलवार रात अमित शाह ने राजधानी कोलकाता में दूसरे फेज में होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रभारी और प्रवासी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की.
जानकारी के मुताबिक ये बैठक करीब 4 घंटे से भी ज्यादा समय तक चली.बंगाल के पांचों संभागों की बैठक लेने के कार्यक्रम में अमित शाह की ये आखिरी बैठक थी. इस बैठक में गृह मंत्री जमीनी तैयारियों का जायजा, कमियों का मूल्यांकन और आगे की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा करते हैं. 27 अप्रैल तक गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता में ही रहेंगे. यानी जब तक दोनों चरणों की वोटिंग पूरी नहीं हो जाती शाह बंगाल नहीं छोड़ेंगे.
तैयारियों और कमियों का जायजा ले रहे शाह
बंगाल में दो चरणों में मतदान होना है. पहले चरण की वोटिंग गुरुवार (23 अप्रैल) को होगी. पहले चरण के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है. अमित शाह लगातार पूरे बंगाल को साधने की कोशिश कर रहे हैं. शाह पार्टी की तैयारियों और कमियों का जायजा ले रहे हैं. वो लगातार रैलियों के साथ ही नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे है और पार्टी की तैयारियों और कमियों का जायजा ले रहे हैं.
रैली में TMC पर जमकर बरसे मंत्री
मंगलवार को अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, घुसपैठियों जैसे मुद्दों पर ममता सरकार को घेरा. साथ ही भरोसा जताया कि इस बार बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी.
‘बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कराएंगे’
मंत्री ने कुलटी में चुनावी रैली में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने पर बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि बंगाल में यूसीसी लाएंगे. इसके जरिए बंगाल में 4 शादियों पर भी बैन लगाया जाएगा. उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार में माफियाओं का बोल-बाला है.उन्होंने कहा कि नई सरकार राज्य में पनप रहे सिंडिकेट, माफिया और गुंडाराज का अंत करेगी. साथ ही बड़े माफियाओं का पर्दाफाश कर उन्हें सलाखों के पीछे डाला जाएगा.
हर साल एक लाख नौकरियां देने का वादा
बंगाल की जनता के पास ये सुनहरा अवसर है.अगर इस बार बीजेपी सत्ता में आई तो योग्यता के आधार पर युवाओं को हर साल एक लाख नौकरियां दी जाएंगी. उन्होंने कहा कि बीजेपी देश के लौह अयस्क उत्पादन केंद्र की औद्योगिक पहचान बहाल करेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करेगी.उन्होंने कहा कि कुलटी कभी देश में लौह अयस्क उत्पादन का केंद्र हुआ करता था लेकिन ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इसे बदहाल कर दिया है.उन्होंने कहा कि हम इस लौह नगरी को फिर उसकी पुरानी पहचान दिलाएंगे, अवैध खनन रोकेंगे, क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले स्पंज आयरन उत्पादन पर प्रभावी रोक लगाएंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगे.
दो चरणों में मतदान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 23 अप्रैल को 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान होगा. इनमें उत्तर बंगाल के 8, दक्षिण बंगाल के 3 और जंगलमहल अंचल के 5 जिले शामिल हैं. मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगा. वहीं दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी. चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे
Live
