मुंबई एयरपोर्ट के दोनों रनवे कल रहेंगे बंद, फ्लाइट्स के शेड्यूल में किए गए बदलाव

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर गुरुवार (7 मई) को उड़ान संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा. सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी. इस दौरान न कोई फ्लाइट टेकऑफ करेगी और न ही लैंडिंग होगी. यह फैसला हर साल होने वाले प्री-मानसून मेंटेनेंस के तहत लिया गया है.

11 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों रनवे बंद

जानकारी के मुताबिक मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन ने 7 मई को प्री-मानसून मेंटेनेंस के लिए सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक मुंबई के दोनों रनवे बंद रखने की घोषणा की है. एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इस दौरान कोई भी उड़ान टेकऑफ या लैंड नहीं करेगी.अधिकारियों ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वो असुविधा से बचने के लिए पहले से ही उड़ान समय सारणी और स्थिति की जांच कर लें.

रनवे और एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर की जांच

मेंटेनेंस के दौरान रनवे और एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर की विस्तृत जांच की जाएगी. मुंबई में भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए यह जरूरी कदम उठाया जाता है, ताकि मानसून के दौरान उड़ानों की सुरक्षा और संचालन में कोई बाधा न आए.

फ्लाइट्स के शेड्यूल में बदलाव

हालांकि पहले से तैयारी की गई है, फिर भी इस छह घंटे की अवधि में यात्रा करने वाले यात्रियों को फ्लाइट कैंसिलेशन, देरी या रूट बदलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. कुछ उड़ानों को पुणे, अहमदाबाद या गोवा जैसे नजदीकी एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट किया जा सकता है, जबकि लंबी दूरी की उड़ानों को दिल्ली, बेंगलुरु या चेन्नई जैसे प्रमुख हवाई अड्डों से होकर गुजारा जा सकता है.

यात्रियों को दी गई सलाह

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति एयरलाइन या CSMIA की आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जांच लें. साथ ही, सुबह 11 बजे से पहले और शाम 5 बजे के बाद की फ्लाइट्स वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है, क्योंकि बैकलॉग के चलते देरी हो सकती है. वहीं जिन यात्रियों की फ्लाइट रद्द हो गई है या जिनका समय बदल गया है, उन्हें रीबुकिंग या रिफंड के विकल्पों के लिए अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी गई है.

रनवे का सही स्थिति में होना जरूरी

मानसून से पहले होने वाला वार्षिक रखरखाव CSMIA के 1,033 एकड़ के विशाल हवाई अड्डे को बेहतरीन स्थिति में रखने के लिए आवश्यक है. इसके लिए एक विशेष टीम रनवे की सतहों की टूट-फूट की जांच करती है. मुंबई में हर साल मानसून बेहद भीषण होता है, जिसमें लगातार बारिश, जलभराव और उच्च आर्द्रता होती है. मानसून शुरू होने से पहले रनवे का सही स्थिति में होना जरूरी है.

इससे पहले मार्च में पश्चिम एशिया के एयरस्पेस मुद्दों के कारण 170 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई थीं. हालांकि इस बार की बंदी पूरी तरह से योजनाबद्ध है, लेकिन यात्रियों को सतर्क और तैयार रहने की जरूरत है, ताकि उनकी यात्रा सुगम बनी रहे. मुंबई हवाई अड्डा, जहां प्रतिदिन 1000 से अधिक उड़ानें संचालित होती हैं, स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों प्रकार की यात्राओं की सुविधा प्रदान करता है.

Image Gallery