सोना मत खरीदो-तेल कम इस्तेमाल करो… PM मोदी की अपील पर राहुल गांधी ने कहा- ये नाकामी के सबूत
मध्य पूर्व में लगातार खराब होते हालात और खाड़ी संकट के बीच पीएम मोदी की आम जनता से तेल, गैस, सोने समेत कई चीजों पर संयम बरतने की अपील पर राहुल गांधी ने जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया कि जनता को बताना पड़ रहा है- क्या खरीदे, क्या न खरीदे, कहां जाए, कहां न जाए. ये उपदेश नहीं नाकामी के सबूत हैं.
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज सोमवार को सोशल मीडिया X पर पीएम मोदी की अपील पर तीखा हमला किया. उन्होंने कहा, “PM मोदी ने कल जनता से त्याग मांगे, कहा- सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो. ये उनके उपदेश नहीं बल्कि ये नाकामी के सबूत हैं.”
Compromised PM के बस की बात नहींः राहुल गांधी
राहुल गांधी ने पीएम मोदी के 12 साल के शासन को लेकर कहा, “पिछले 12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया गया है कि जनता को बताना पड़ रहा है- क्या खरीदे, क्या न खरीदे, कहां जाएं और कहां न जाएं. हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि खुद जवाबदेही से बच निकलें. देश चलाना अब Compromised PM के बस की बात नहीं है.”
PM मोदी ने लोगों से क्या की थी अपील
इससे पहले PM मोदी ने कल तेलंगाना में एक कार्यक्रम के दौरान लोगों से संयम बरतने की अपील की थी. खाड़ी में बने तनाव के बीच दुनिया में गहराते संकट और ग्लोबल एनर्जी को लेकर बढ़ते दबाव को देखते हुए पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को पेट्रोल, डीजल और गैस का इस्तेमाल बहुत सोच-समझकर और संयम के साथ करना चाहिए. साथ ही यह भी कहा कि लोगों को कोरोना काल के दौरान देश ने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाओं को फिर से शुरू करना चाहिए.
विदेशी मुद्रा बचाने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि पेट्रोल और डीजल की वैश्विक स्तर पर कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में देश पर विदेशी मुद्रा का बोझ बढ़ता है. ऐसे में उन्होंने लोगों को निजी गाड़ियों की जगह मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की अपील की. माल ढुलाई के लिए रेलवे को प्राथमिकता देने की भी अपील की. साथ ही सोने की खरीद को अगले एक साल के लिए टालने की बात भी कही.
Live
