राजा रघुवंशी मर्डर केस: सोनम रघुवंशी ने हनीमून की आड़ में रची हत्या की साजिश, अब बेल पर छूटने के बाद क्या कुछ कह रही, जानिए
इंदौर के हाई-प्रोफाइल राजा रघुवंशी मर्डर केस में मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी अब कंडीशनल बेल पर छूट गई हैं। जेल से छूटने के बाद उन्होंने मीडिया से बात की और अपना पक्ष रखा। चर्चाएं चल रही थीं कि सोनम रघुवंशी जेल से बाहर आने के बाद नेपाल भाग गई हैं। इन सभी दावों का खंडन करते हुए उन्होंने बताया कि वो कहां हैं और क्या कर रही हैं। सोनम ने साफ कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें, साथ ही कहा कि वो कानून के दायरे में रखकर अपना बेल पीरियड काट रही हैं।
सोनम ने दी सफाई, बोलीं- मैं नहीं भागी हूं
ईस्ट मोजो चैनल को दिए एक बयान में सोनम ने कहा, 'मेरे बारे में गलत जानकारी फैलाई जा रही है। मैं लोगों से अपील करती हूं कि अफवाहों पर यकीन न करें। मेरे नेपाल भाग जाने का दावा करने वाली खबरें पूरी तरह से बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं।' उनका यह बयान राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी के आरोपों के जवाब में आया है, जिन्होंने दावा किया था कि सोनम बेल मिलने के बाद देश छोड़कर नेपाल भाग गई हैं। उन्होंने मामले की CBI जांच की भी मांग की थी।
कोर्ट की सभी शर्तों का पालन कर रहीं सोनम
सोनम से सवाल किया गया कि क्या आप बेल मिलने के बाद से कोर्ट द्वारा तय की गई सभी शर्तों का पालन कर रही हैं? तो सोनम रघुवंशी ने जवाब में कहा, 'हां, मैंने हमेशा कोर्ट से मिली सभी बेल शर्तों का पूरी तरह से पालन किया है और मैं उन सीमाओं को कभी नहीं तोड़ूंगी। अभी मैं शिलॉन्ग में ही रह रही हूं। मैं शिलॉन्ग से बाहर बिल्कुल नहीं गई हूं, जहां तक खर्चों की बात है, मैं उसके बारे में कुछ नहीं कहना चाहती। वह मेरा पर्सनल मामला है। सिक्योरिटी कारणों से मैं शिलॉन्ग में अपने रहने की सही जगह पब्लिक नहीं कर सकती।'
इंदौर वापसी नहीं करेंगी सोनम
सोनम से सवाल किया गया कि क्या उनका इंदौर लौटने का कोई प्लान है तो उस पर बात करते हुए कहा, 'नहीं, अभी मेरा इंदौर जाने का कोई प्लान नहीं है, क्योंकि मेरा केस अभी भी यहीं चल रहा है। जब तक यह पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता, मैं कहीं नहीं जाऊंगी। केस की सुनवाई अभी चल रही है। लोग मेरे बारे में पूरी तरह झूठ बोल रहे हैं। मेरा केस अभी कोर्ट में सुनवाई के स्टेज में है, इसलिए मैं अभी इस सब्जेक्ट पर और कुछ नहीं कहना चाहूंगी। मैंने हमेशा कोर्ट की हर कार्रवाई में पूरा सहयोग किया है। मैं आगे भी ऐसा करती रहूंगी। मुझे जो भी शर्तें दी गईं, मैं उनका सम्मान करते हुए उनका पालन कर रही हूं। मेरे मन में हमेशा हमारे जस्टिस सिस्टम के लिए बहुत सम्मान रहा है और आगे भी रहेगा।'
वकील पर भी लगाए गए आरोप
सोनम के वकील सुदीप राणा पर मृतक के भाई विपिन रघुवंशी ने सोनम रघुवंशी को नेपाल भागने में मदद करने का आरोप लगाया है, इसके जवाब में वकील सुदीप राणा ने कहा, 'यह पूरी तरह से झूठा और बेबुनियाद आरोप है। सिर्फ इसलिए कि मैं नेपाली मूल का हूं, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि मैं नेपाल से हूं या मेरा वहां से कोई कनेक्शन है। मैं शिलांग शहर में ही पैदा हुआ और यहीं पला-बढ़ा और मेरी सारी पढ़ाई-लिखाई भी यहीं हुई। नेपाल में मेरा कोई नहीं है। इस आरोप के झूठा होने का सबसे बड़ा सबूत यह है कि सोनम खुद आज यहां मौजूद हैं। इस केस की सुनवाई आज कोर्ट में तय थी और वह खुद शिलांग में पेश हुई हैं। मैं भी इस समय कोर्ट परिसर में हूं, जिससे साफ पता चलता है कि हम शिलांग से बाहर ही नहीं निकले।'
राजा का भाई कर रहा सीबीआई जांच की मांग
राजा रघुवंशी मर्डर केस में इंसाफ के लिए लड़ रहे विपिन रघुवंशी इस मामले की CBI जांच पर जोर दे रहे हैं। विपिन रघुवंशी का तर्क है कि जब देश में लड़कियों से जुड़े हाई-प्रोफाइल केस जैसे त्विशा केस की जांच सेंट्रल एजेंसियां कर सकती हैं तो लड़के की बेरहमी से हत्या के मामले में ऐसा क्यों नहीं किया जा सकता? उनका कहना है कि यह केस भी बहुत सेंसिटिव और हाई-प्रोफाइल है। साथ ही इसमें मध्य प्रदेश और मेघालय जैसे दो अलग-अलग राज्यों के पहलू शामिल हैं। ऐसे में उनके मुताबिक पूरे मामले की बिना किसी भेदभाव के जांच करने और सच सामने लाने के लिए इसकी जांच सेंट्रल एजेंसी से करवानी चाहिए।
कैसे हुई हत्या की साजिश?
11 मई 2025 को इंदौर के एक बड़े ट्रांसपोर्ट बिजनेसमैन राजा रघुवंशी ने सोनम रघुवंशी से बड़ी धूमधाम से शादी की। शादी के कुछ दिनों बाद ही दोनों अपना हनीमून मनाने मेघालय गए। वहां पहुंचने के कुछ ही दिनों बाद 23 मई 2025 को दोनों अचानक लापता हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी। 3 जून 2025 को पुलिस ने मेघालय में एक गहरी खाई से राजा रघुवंशी की बॉडी बरामद की। इसके बाद जब जांच एजेंसियों ने मामले की गहराई से जांच शुरू की तो हनीमून की आड़ में रची गई मर्डर की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान जब कई कड़ियां जुड़ीं तो मृतक राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी की भूमिका भी पुलिस जांच में मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे आरोपी मानकर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि सोनम फिलहाल बेल पर बाहर है।
Live
