इस्कॉन मंदिर के वेज रेस्टोरेंट में लड़के ने खाया चिकन:बादशाह ने भड़ककर कहा- इसे चिकन की नहीं चेहरे पर चप्पलों की भूख है |
हाल ही में विदेश के इस्कॉन मंदिर के गोविंद रेस्टोरेंट का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें एक शख्स चिकन खाता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद शाकाहारी रेस्टोरेंट में मांस खाने वाले शख्स की जमकर आलोचना हो रही है। अब सिंगर और रैपर बादशाह ने भी शख्स को जमकर लताड़ लगाई है।
बादशाह ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट (पहले ट्विटर) पर उस शख्स का वीडियो री-पोस्ट कर लिखा है, यहां तक की चिकन भी शर्मिंदा होगा। इस लड़के को चिकन की नहीं, चेहरे पर चप्पलों की भूख है। असल ताकत इस चीज की इज्जत करने में है, जिसे हम नहीं समझते।
दरअसल, रविवार को एक अफ्रीकन शख्स का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में देखा जा सकता है कि वो शख्स इस्कॉन मंदिर के गोविंद रेस्टोरेंट में प्रवेश करता है। वो सीधे काउंटर पर पहुंचता है, जहां दो महिलाएं ऑर्डर ले रही थीं। वो शख्स उनसे पूछता है कि क्या ये वीगन रेस्टोरेंट है। इस पर एक महिला हां में जवाब देती है। आगे वो शख्स फिर पूछता है, मतलब यहां मीट नहीं है। इस पर महिला कहती है, मीट नहीं, प्याज नहीं, लहसुन नहीं।
दो तीन बार यही सवाल करने के बाद वो शख्स अपने हाथ में रखे एक पॉलीबैग से केएफसी का बॉक्स निकालता है और वहीं चिकन खाना शुरू कर देता है। ये देखकर वहां खड़ी महिला डर जाती है। वो लगातार उस लड़के को वहां से निकलते की हिदायत देती है, लेकिन लड़का हर बात नजरअंदाज कर वहीं चिकन खाता रहता है। इस दौरान देखा जा सकता है कि लड़के के पास खड़ा एक आदमी भी उसे साफ शब्दों में कहता है कि ये एक शाकाहारी रेस्टोरेंट है, आप यहां नॉनवेज नहीं खा सकते, लेकिन वो लड़का कुछ सुनने को तैयार नहीं था।