Loading...

रिलीज होते ही 'बॉर्डर 2' को बड़ा झटका, सुबह-सुबह ही सनी देओल की फिल्म के कई शोज कैंसिल

सनी देओल के फैंस जिस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उसमें अब थोड़ा सा सब्र और जुड़ गया है। बहुप्रतीक्षित वॉर ड्रामा ‘बॉर्डर 2’ आज यानी 23 जनवरी को बड़े पर्दे पर रिलीज हो रही है, लेकिन रिलीज के दिन ही फिल्म को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक देश के कई हिस्सों में कंटेंट डिलीवरी में देरी के चलते फिल्म के सुबह के शो कैंसिल किए गए हैं, जिससे शुरुआती दर्शकों को निराशा हाथ लगी है। हालांकि राहत की बात यह है कि एग्जिबिटर्स का कहना है कि यह समस्या अस्थायी है और शुक्रवार सुबह तक हालात सामान्य हो जाएंगे। कई सिनेमाघरों ने पुष्टि की है कि तकनीकी कारणों से सुबह के शो प्रभावित हुए हैं, लेकिन देर-सवेर पूरे देश में फिल्म की स्क्रीनिंग शुरू कर दी जाएगी।

सुबह के शो क्यों हुए प्रभावित?

अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित ‘बॉर्डर 2’, जे.पी. दत्ता की 1997 में आई आइकॉनिक ब्लॉकबस्टर ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। फिल्म 23 जनवरी को, यानी गणतंत्र दिवस वीकेंड से ठीक पहले रिलीज होने वाली थी। भारी बज़ और जबरदस्त एडवांस बुकिंग को देखते हुए देश के कई शहरों में सुबह 7.30 और 8 बजे के शो भी शेड्यूल किए गए थे, लेकिन फिल्म इंफॉर्मेशन से जुड़ी रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का फाइनल कंटेंट गुरुवार देर रात तक तैयार नहीं हो पाया। UFO Moviez जैसे डिजिटल डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स ने सिनेमाघरों को सूचित किया कि कंटेंट तय समय से काफी देर से उपलब्ध होगा। एक वरिष्ठ ट्रेड एक्सपर्ट ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, 'कंटेंट आधी रात के बाद मिलने की उम्मीद थी… मौजूदा स्थिति को देखते हुए सुबह के शो होना मुश्किल लग रहा था।' इस संबंध में हमने टी-सीरीज की टीम से बात करने की कोशिश की, लेकिन अभी तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया है। जैसे ही उनकी ओर से कोई जानकारी साझा की जाएगी, हम आप तक पहुंचाएंगे।

 

Image Gallery