शख्स ने की अपने ही मां-बाप और बहन की हत्या, घर में ही तीनों का दफना दिया शव
विजयनगर: कर्नाटक के विजयनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आदमी ने कथित तौर पर अपने पिता, मां और बहन की हत्या कर दी। इसके बाद उसने तीनों के शवों को शहर में एक किराए के घर के अंदर दफना दिया। बताया जा रहा है कि यह अपराध 27 जनवरी को हुआ। आरोपी की पहचान अक्षय कुमार के रूप में हुई है, जो चित्रदुर्ग जिले के होसादुर्गा तालुक के डोड्डाकिट्टाडाहल्ली गांव का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि अक्षय ने कोट्टूर के एक घर में अपने पिता भीमराज, मां जयलक्ष्मी और बहन अमृता की हत्या कर दी, जहां वे पिछले कुछ सालों से रह रहे थे। यह परिवार टायर रिट्रेडिंग का काम करके गुजारा करता था।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अक्षय कथित तौर पर बेंगलुरु आया। यहां तिलक नगर पुलिस स्टेशन में उसने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि उसके माता-पिता और बहन का पता नहीं चल रहा है। हालांकि, लगातार पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर हार मान ली और तिहरे हत्याकांड का जुर्म कबूल कर लिया।
तैश में आकर की थी तीनों की हत्या
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी अक्षय की बहन एक युवक से प्यार करती थी। अक्षय ने इसका विरोध किया था। हालांकि जब मां-बाप ने भी अक्षय को समझाने की कोशिश की तो तैश में आकर उसने तीनों की हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर के परिसर में ही तीनों के शवों को दफना दिया। इस मामले को लेकर विजयनगर की SP जाह्नवी और कुडलिगी DSP मल्लेश मौके पर पहुंचे और शुरुआती जांच की। आरोपी को कुडलिगी लाया जा रहा है ताकि उस सटीक जगह का पता लगाया जा सके जहां शवों को दफनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
