शिमरन हेटमायर के पास इतिहास रचने का मौका, साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में तोड़ सकते हैं पूरन का रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 47वां मैच वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को जीतकर दोनों ही टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने की कोशिश करेगी। साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमों ने इस वर्ल्ड कप में अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में फैंस को इस मैच में एक जोरदार टक्कर देखने को मिल सकती है। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज शिमरन हेटमायर के पास इतिहास रचने का मौका होगा।
हेटमायर के पास बड़ा इतिहास रचने का मौका
29 साल के बल्लेबाज शिमरन हेटमायर इस वक्त बेहद ही गजब की फॉर्म में चल रहे हैं और अब तक आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 5 मैचों में 54.75 की औसत और 185.59 की स्ट्राइक रेट से 219 रन ठोक चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 17 छक्के लगाए हैं। अगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में एक अपनी पारी में सिर्फ एक छक्का भी ठोकते हैं तो वो भी अपने ही देश के पूर्व खिलाड़ी निकोलस पूरन का महारिकॉर्ड तोड़ देंगे और एक टी20 वर्ल्ड कप के एडिशन में सर्वाधिक छक्के मारने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
- शिमरन हेटमायर (वेस्टइंडीज) - 17 सिक्स* (2026)
- निकोलस पूरन (वेस्टइंडीज) - 17 सिक्स (2024)
- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 16 सिक्स (2012)
- रहमानुल्लाह गुरबाज (अफगानिस्तान) - 16 सिक्स (2024)
टी20 में हेटमायर के आंकड़े हैं शानदार
टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से निकोलस पूरन और शिमरोन हेटमायर के नाम दर्ज है। निकोलस पूरन ने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में पूरे 17 छक्के ठोके थे। अब अगले मैच में हेटमायर के पास पूरन के इस रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका होगा। बताते दें कि शिमरन हेटमायर वेस्टइंडीज के लिए अब तक 80 टी20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 70 पारियों में उन्होंने लगभग 140 की औसत से 1564 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 9 अर्धशतक ठोके और 102 चौके और 97 छक्के भी लगाए।
वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को दी थी करारी शिकस्त
वेस्टइंडीज ने सुपर-8 में अपना पहला मैच जिम्बाब्वे से खेला था। इस मुकाबले में टीम के लिए हेटमायर ने शानदार बल्लेबाजी की थी। उस मैच में उन्होंने 37 बॉल में 7 चौके और 7 छक्के की मदद से 85 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 250 का रहा था। वहीं रोवमान पॉवेल ने 59 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने चार चौके और चार छक्के लगाए थे। विंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन बनाए थे। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी।
