इंदौर में गैस लीक होने से हड़कंप, आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी के बाद कई लोग अस्पताल में भर्ती
मध्य प्रदेश के इंदौर में गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। गैस की तीखी गंध और आंखों में जलन के कारण लोग घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी जिसके बाद उन्हें अस्पताल लेकर जाना पड़ा। फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा होने से टल गया।
आंखों में जलन और खांसी से बेहाल हुए लोग
घटना इंदौर शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र की है जहां कबाड़ की एक दुकान में गैस के पुराने सिलेंडर को काटा जा रहा था। सिलेंडर में अमोनिया गैस भरी थी जिससे गैस रिसने लगी और पूरे इलाके में फैल गई। कबाड़ की दुकान में मौजूद लोगों के साथ आसपास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। फौरन फायर ब्रिगेड और पुलिस को इसकी खबर दी गई।
बीच से कट चुका था सिलेंडर
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने गैस रिसाव को बंद करने के लिए पानी का लगातार छिड़काव किया। सिलेंडर बीच से कट चुका था इसलिए गैस के रिसाव को बंद करने का और कोई उपाय नहीं था। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला समेत कई लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। कुछ देर की मशक्कत के बाद गैस का रिसाव बंद हुआ जिसके बाद हालात नियंत्रण में आया। कबाड़ दुकान के मालिक को हिरासत में ले लिया गया है।
