सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा, 80016 पर बंद:निफ्टी 285 अंक बढ़कर 24766 पर पहुंचा, ऑटो और एनर्जी शेयर्स में खरीदारी
- स्काई न्यूज अरबिया की एक रिपोर्ट के अनुसार ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री ने कहा है कि अगर अमेरिका उनके सामने कोई बेहतर विकल्प रखता है, तो ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम छोड़ने के लिए तैयार है।
- पिछले कुछ दिनों की गिरावट के बाद बाजार में 'वैल्यू बाइंग' यानी सस्ते दाम पर खरीदारी लौटी है। निवेशकों ने रियल्टी, मेटल, ऑयल एंड गैस और ऑटो जैसे सेक्टर के शेयरों को निचले स्तर पर खरीदा।
- एशियाई बाजारों से भी अच्छे संकेत मिले जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 10% उछला। बुधवार को अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए।
- एनर्जी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी से भी बाजार को सहारा मिला। रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ-साथ ONGC और ऑयल इंडिया जैसी कंपनियों के शेयरों ने ऑयल एंड गैस इंडेक्स को करीब 2% ऊपर धकेल दिया।
कच्चा तेल 4 दिन में 15% चढ़ा
ब्रेंट क्रूड में आज करीब 1% की तेजी है। ये 83 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। बीते 4 दिन में इसके दाम करीब 15% चढ़ चुके हैं।
जानकारों का मानना है कि अगर यह तनाव और बढ़ा तो तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल तक जो सकती हैं। इसका असर भारत में पेट्रोल-डीजल पर दिख सकता है।
दिल्ली में पेट्रोल ₹95 लीटर से बढ़कर ₹100 तक पहुंच सकता है। वहीं डीजल ₹88 से बढ़कर ₹92 तक जा सकता है। अन्य शहरों में भी इसी तरह कीमतें बढ़ सकती है।
एशियाई बाजारों में साउथ कोरिया का बाजार 10% चढ़ा
- साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 490 अंक या (9.63%) ऊपर 5,583 पर बंद हुआ।
- जापान का निक्केई 1,032 अंक या 1.90% चढ़कर 55,278 पर बंद हुआ।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 71 अंक या 0.28% चढ़कर 25,321 पर बंद हुआ।
- चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 26 अंक या 0.64% ऊपर 4,108 पर बंद हुआ।
अमेरिकी बाजार में 4 मार्च को रही बढ़त
- डाउ जोन्स 238 अंक (0.49%) बढ़कर 48,739 के स्तर पर बंद हुआ।
- टेक बेस्ड इंडेक्स नैस्डैक कंपोजिट 1.29% बढ़कर 22,807 पर बंद हुआ।
- S&P 500 इंडेक्स 52 अंक (0.78%) चढ़कर 6,869 पर बंद हुआ।
कल सेंसेक्स 1123 अंक गिरकर बंद हुआ था
इससे पहले कल यानी 4 मार्च को शेयर बाजार में गिरावट रही थी। सेंसेक्स 1123 अंक या 1.40% गिरकर 79,116 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 385 अंक या 1.55% टूटा है। ये 24,480 के स्तर पर आ गया। मेटल और बैंक शेयर्स सबसे ज्यादा गिरे थे।
