खामेनेई की मौत पर भारत में हुए प्रदर्शन पर उठाए सवाल, अमेरिकी सैनिक शिल्पा चौधरी का वीडियो वायरल
यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी में काम करने वाली भारतीय मूल की स्पेशलिस्ट शिल्पा चौधरी की भारतीयों से की गई एक अपील सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है. उन्होंने ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की हाल ही में हुई हत्या के बाद भारत के अलग-अलग हिस्सों में किए गए विरोध और प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अमेरिका से वीडियो शेयर किया. उन्होंने सबको हैप्पी होली विश करते हुए वीडियो की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि इस बार की परिस्थितियों को देखते हुए मेरा मन त्योहार मनाने का नहीं हुआ.
शिल्पा तीन बच्चों की मां हैं और US आर्मी में केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर (CBRN) स्पेशलिस्ट हैं. 28 फरवरी को ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर उन्होंने कहा कि मैं मनाती हूं कि धार्मिक रूप से भारत में कई लोगों को दुख हुआ है. उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि मैं मुस्लिम विरोधी नहीं हूं और मैं किसी भी कट्टरता के खिलाफ हूं, मगर भारत में जिस तरह का प्रोटेस्ट हो रहा है उससे क्या कोई फायदा है? उन्होंने कहा कि शायद देश में रहकर आपको ये सब कम दिखाई दे रहा होगा, लेकिन मैं यहां से देख सकती हूं कि इन सब वजहों से भारत का मजाक उड़ाया जा रहा है.
