Loading...

ट्रम्प के टैरिफ के बाद 500 अंक गिरा बाजार:सेंसेक्स 81,000 पर कारोबार कर रहा, NSE के रियल्टी और ऑयल एंड गैस इंडेक्स फिसले |

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर से भारत पर 25% टैरिफ के ऐलान के बाद आज (गुरुवार, 31 जुलाई) सेंसेक्स करीब 500 अंक गिरकर 81,000 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 150 अंक की गिरावट है, ये 24,700 पर है।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में गिरावट और 6 में तेजी है। टाटा मोटर्स, रिलायंस, महिंद्रा और एयरटेल के शेयर्स 1% से ज्यादा नीचे हैं। जोमैटो, टाटा स्टील और HUL मामूली चढ़े हैं।

निफ्टी के 50 शेयरों में से 42 में गिरावट और 8 में तेजी है। NSE के ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 1.57% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 1.10% की गिरावट है। ऑटो, बैंकिंग और मेटल भी गिरे हैं।

ग्लोबल मार्केट में मिलाजुला कारोबार

  • एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 0.90% ऊपर 41,020 के स्तर पर और कोरिया का कोस्पी 0.33% ऊपर 3,243 पर कारोबार कर रहा है।
  • हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 1.12% नीचे 24,894 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.68% गिरकर 3,591 पर कारोबार कर रहा है।
  • 30 जुलाई को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.38% गिरकर 44,461 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डेक कंपोजिट 0.15% ऊपर 21,130 पर और S&P 500 0.12% नीचे 6,363 पर बंद हुए।

जुलाई में अब तक FIIs ने 42,078​​​​ करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे

  • 30 जुलाई को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने कैश सेगमेंट में 850.04 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे। वहीं, घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 1,829.11 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की।
  • जुलाई महीने में अब तक विदेशी निवेशकों ने 42,077.77 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे हैं। वहीं, घरेलू निवेशकों ने इस दौरान 54,566.45 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की है।
  • जून महीने में विदेशी निवेशकों की नेट खरीदारी 7,488.98 करोड़ रुपए रही। वहीं, घरेलू निवेशकों ने भी महीनेभर में ₹72,673.91 करोड़ की नेट खरीदारी की थी।

कल 144 अंक चढ़कर बंद हुआ था बाजार

हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार (30 जुलाई) को सेंसेक्स 144 अंक चढ़कर 81,482 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 34 अंक की तेजी रही, ये 24,855 के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 में तेजी और 15 में गिरावट रही। L&T, सनफार्मा और NTPC के शेयर्स 4.72% तक चढ़कर बंद हुए। वहीं, टाटा मोटर्स, पावर ग्रिड 3.48% तक गिरे।

निफ्टी के 50 शेयरों में से 21 ऊपर बंद हुए। NSE के FMCG, IT और फार्मा इंडेक्स में मामूली तेजी रही। जबकि, ऑटो, मीडिया, बैंकिंग और रियल्टी इंडेक्स 1% तक गिरकर बंद हुए।