Rihanna House Firing: अमेरिका में रिहाना के घर पर फायरिंग, टेस्ला कार में बैठीं महिला ने चलाईं 10 गोलियां, अंदर ही थीं सिंगर

अमेरिका में लॉस एंजेलिस के बेवर्ली हिल्स में मशहूर सिंगर रिहाना के घर पर फायरिंग की गई है. इस मामले में पुलिस ने रविवार को एक 30 साल की महिला को हिरासत में लिया है. आरोप है कि महिला ने रिहाना के घर पर कई राउंड फायरिंग की. जब ये हमला हुआ उस दौरान रिहाना अपने घर के अंदर ही थीं. फायरिंग की ये घटना 8 मार्च के दोपहर की है.

लॉस एंजेलिस टाइम्स ने पुलिस के हवाले से बताया कि फायरिंग की जानकारी मिलते ही पुलिस एक्शन में आई और तुरंत ही घटनास्थल पर पहुंच गई थी. गोलीबारी के कुछ देर बाद करीब 1 बजकर 21 मिनट पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने उसी लोकेशन से एक आरोपी को हिरासत में लिया.

10 गोलियां चलाईं

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला अपनी कार में थी और गाड़ी के अंदर से ही उसने रिहाना के घर पर कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग की और फिर तुरंत वहां से रवाना हो गई. लॉस एंजेलिस पुलिस डिपार्टमेंट के रेडियो से पता चला कि सबसे पहले घटना की जानकारी देने वाले ने बताया कि महिला एक सफेद रंग की टेस्ला कार में मौजूद थी और उसने करीब 10 राउंड फायरिंग की.

बच्चों और पार्टनर के साथ इसी घर में रहती हैं रिहाना

जिस घर पर फायरिंग हुई, वहां 38 साल की रिहाना अपने पार्टनर A$AP रॉकी और तीन बच्चों के साथ रहती हैं. घटना के दौरान भी वो उसी घर में ही थीं. हालांकि रिहाना के फैंस के लिए राहत की खबर ये है कि वो इस घटना में सुरक्षित हैं. पुलिस के मुताबिक फायरिंग में कोई भी घायल नहीं हुआ है. हालांकि फिलहाल आरोपी की पहचान उजागर नहीं की गई है. इसके अलावा पुलिस ने फायरिंग के मकसद के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी है.

लॉस एंजेलिस की पुलिस फिलहाल इस गोलीबारी की घटना की जांच कर रही है. वहीं रिहाना की ओर से भी इस घटना पर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

Image Gallery