पार्ट-टाइम जॉब और निवेश के नाम पर 900 करोड़ का स्कैम, CBI ने 4 राज्यों में 15 ठिकानों पर मारी रेड

ऑनलाइन निवेश और पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के खिलाफ CBI ने बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने गुरुवार को दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब में कुल 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. CBI के मुताबिक यह गिरोह सोशल मीडिया, मोबाइल ऐप और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को ऑनलाइन निवेश और पार्ट-टाइम नौकरी का लालच देता था.

शुरुआत में लोगों से छोटी रकम निवेश करवाई जाती थी और उन्हें नकली मुनाफा दिखाकर भरोसा दिलाया जाता था। इसके बाद उनसे बड़ी रकम निवेश करवा ली जाती थी.

फर्जी बैंक खातों में लेनदेन

जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई फर्जी बैंक खातों के जरिए घुमाई जाती थी और फिर विदेशी फिनटेक प्लेटफॉर्म, खासकर दुबई स्थित Pyypl के जरिए विदेशों में निकाल ली जाती थी.कई मामलों में यह पैसा क्रिप्टोकरेंसी में भी बदला गया.

CBI की जांच में दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर के बिजवासन गांव का चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक कुमार शर्मा इस पूरे नेटवर्क का सरगना बताया गया है.

900 करोड़ रुपए के घोटाले का खुलासा

एजेंसी का कहना है कि इस गिरोह ने पिछले एक साल में लगभग 900 करोड़ रुपये की फर्जी लेनदेने की. कंपनी ने ये रकम अलग-अलग शेल कंपनियों और खातों के जरिए बाहर भेजी.

छापेमारी के दौरान CBI को कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत मिले हैं. यह भी पता चला है कि कई लोगों को धोखे से शेल कंपनियों का डायरेक्टर बना दिया गया था.

CBI ने मामले में अशोक शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों, जिनमें कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हो सकते हैं, की तलाश जारी है. एजेंसी ठगी की रकम को ट्रेस कर फ्रीज करने की भी कोशिश कर रही है.

Image Gallery