भोपाल में ED का बड़ा एक्शन, Milk Magic कंपनी की 20.59 करोड़ की संपत्ति जब्त, मिलावटी डेयरी प्रोडक्ट्स का खुलासा

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भोपाल में बड़ी कार्रवाई की है. ED ने जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (Jayshri Gayatri Food Products Pvt Ltd) और उसके मैनेजिंग डायरेक्टर किशन मोदी की 11 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच कर दिया है. इन संपत्तियों की कुल कीमत करीब 20.59 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

ED की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हुई है. इस मामले की शुरुआत भोपाल के हबीबगंज थाने में 29 अगस्त 2023 को दर्ज FIR और EOW भोपाल की 22 जुलाई 2024 की FIR से हुई थी. जिसके बाद इन शिकायतों के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की. जांच के दौरान कई कई बड़े खुलासे हुए.

डेयरी प्रोडक्ट्स में भारी मिलावट

ED की जांच में सामने आया कि कंपनी Milk Magic ब्रांड के नाम से डेयरी प्रोडक्ट्स बनाकर बेच रही थी, लेकिन इनमें भारी मिलावट की जा रही थी. जांच में पता चला कि दूध की असली फैट की जगह पाम ऑयल और अन्य हानिकारक केमिकल्स मिलाए जा रहे थे. जांच में यह भी पता चला कि ये मिलावटी प्रोडक्ट्स सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी एक्सपोर्ट किए जा रहे थे.

कंपनी ने फर्जी टेस्ट रिपोर्ट तैयार की

ED के मुताबिक एक्सपोर्ट की मंजूरी लेने के लिए कंपनी ने नामी लैब्स की फर्जी टेस्ट रिपोर्ट तैयार की और उन्हें Export Inspection Agency (EIA), इंदौर में जमा कराया. जब इन रिपोर्ट्स की पुष्टि की गई तो संबंधित लैब्स ने साफ कर दिया कि उन्होंने ऐसी कोई रिपोर्ट जारी ही नहीं की थी, यानी ये पूरी तरह फर्जी थीं.

करीब 20.59 करोड़ रुपए की कमाई

ED की जांच में खुलासा हुआ कि इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कंपनी ने मिलावटी डेयरी प्रोडक्ट्स का निर्यात कर करीब 20.59 करोड़ रुपए की कमाई की. यह रकम Axis Bank और HDFC Bank के खातों में जमा हुई, जिसे ED ने प्रोसीड्स ऑफ क्राइम यानी अवैध कमाई माना है.

मैनेजिंग डायरेक्टर किशन मोदी गिरफ्तार

इससे पहले ED ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर किशन मोदी को 13 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया था. उसे पहले ED की कस्टडी में रखा गया और 18 मार्च 2026 को कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. फिलहाल इस पूरे मामले में जांच जारी है और एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेशी कनेक्शन की भी जांच पड़ताल कर रही हैं. आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.

Image Gallery