Windows 11 अपडेट बना सिरदर्द! Microsoft अकाउंट लॉगिन फेल, No Internet एरर से यूजर्स परेशान

माइक्रोसॉफ्ट के हालिया Windows 11 अपडेट ने लाखों यूजर्स के लिए नई परेशानी खड़ी कर दी है. 24H2 और 25H2 वर्जन में आए इस बग की वजह से माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट से लॉगिन करना मुश्किल हो गया है. यूजर्स को OneDrive, Office और Teams जैसे ऐप्स में फर्जी No Internet एरर दिख रहा है, जबकि इंटरनेट सही से काम कर रहा होता है. कंपनी ने अपनी खामी मानी है और जल्द फिक्स जारी करने की बात कही है.

लॉगिन पर No Internet एरर

इस बग की वजह से यूजर्स को बार-बार यह मैसेज दिख रहा है कि डिवाइस इंटरनेट से कनेक्ट नहीं है. जबकि असल में इंटरनेट पूरी तरह काम कर रहा होता है. यह समस्या खास तौर पर OneDrive, माइक्रोसॉफ्ट Office और माइक्रोसॉफ्ट Teams जैसे ऐप्स में दिखाई दे रही है. इसके कारण यूजर्स अपने अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं और काम प्रभावित हो रहा है.

किन यूजर्स पर ज्यादा असर पड़ा

यह समस्या खास तौर पर उन यूजर्स को प्रभावित कर रही है जो माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट से सर्विस का इस्तेमाल करते हैं. इसमें Word, Excel, OneDrive और माइक्रोसॉफ्ट 365 Copilot जैसे टूल्स शामिल हैं. हालांकि, एंटरप्राइज यूजर्स जो माइक्रोसॉफ्ट Entra ID का इस्तेमाल करते हैं, वे इस बग से प्रभावित नहीं हैं. इसका मतलब है कि आम यूजर्स और फ्री सर्विस वाले ज्यादा परेशानी झेल रहे हैं.

क्यों आ रही है यह दिक्कत

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक यह समस्या एक खास नेटवर्क स्टेट के कारण हो रही है. कई बार यह अपने आप ठीक हो जाती है, लेकिन हमेशा ऐसा नहीं होता. कंपनी ने फिलहाल सुझाव दिया है कि डिवाइस को इंटरनेट ऑन रहते हुए रीस्टार्ट करें, जिससे समस्या कुछ समय के लिए ठीक हो सकती है. हालांकि, अगर बिना इंटरनेट के रीस्टार्ट किया गया तो यह समस्या फिर से सामने आ सकती है.

कब होगा ठीक

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि वह जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान लाने के लिए काम कर रही है और आने वाले दिनों में अपडेट जारी किया जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह एक आउट-ऑफ-बैंड अपडेट हो सकता है. इससे पहले भी इस साल Windows अपडेट्स में कई समस्याएं सामने आ चुकी हैं, जैसे रिमोट डेस्कटॉप लॉगिन और क्लाउड फाइल्स से जुड़ी दिक्कतें. ऐसे में यूजर्स के लिए यह साल अपडेट्स के मामले में चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है.

Image Gallery