दिनभर थकान रहती है लेकिन टेस्ट नॉर्मल? हो सकती हैं ये 4 छुपी बीमारियां
कई लोगों को दिनभर थकान महसूस होती है. कई बार ऐसा होता है कि पूरे दिन शरीर भारी लगता है, काम करने का मन नहीं करता और छोटी-छोटी चीजें भी मुश्किल लगती हैं. ऐसे में लोग ब्लड टेस्ट, थायरॉइड टेस्ट, शुगर टेस्ट और विटामिन टेस्ट जैसे बी12 और डी कराते हैं, लेकिन रिपोर्ट नॉर्मल आती है. इसके बावजूद थकान खत्म नहीं होती, जो चिंता का कारण बन सकता है.
अक्सर लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं या सिर्फ कमजोरी समझ लेते हैं, जबकि इसके पीछे कुछ छुपी हुई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. ये समस्याएं धीरे-धीरे शरीर की एनर्जी और मानसिक स्थिति को प्रभावित करती हैं. अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो यह लंबे समय तक परेशानी का कारण बन सकती हैं. इसलिए जरूरी है कि इस संकेत को समझा जाए और सही कारण का पता लगाया जाए. आइए, इन 4 छुपी हुई बीमारियों के बारे में जानते हैं.
दिनभर थकान रहने की ये 4 छुपी बीमारियां हो सकती हैं कारण
क्रोनिक फैटीग सिंड्रोम
यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें व्यक्ति लंबे समय तक लगातार थकान महसूस करता है, जो आराम करने के बाद भी ठीक नहीं होती. इसमें कमजोरी, नींद के बाद भी फ्रेश न लगना और फोकस करने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई देते हैं.
स्लीप एपनिया
स्लीप एपनिया में व्यक्ति की नींद के दौरान सांस बार-बार रुकती है, जिससे नींद पूरी नहीं हो पाती. इससे दिनभर नींद आना, सिरदर्द और थकान बनी रहती है, भले ही व्यक्ति पर्याप्त समय तक सोया हो.
हॉर्मोनल असंतुलन
शरीर में हॉर्मोन का असंतुलन, जैसे थायरॉइड या अन्य हॉर्मोन की गड़बड़ी, शरीर की एनर्जी को प्रभावित करता है. इससे थकान, मूड स्विंग्स और वजन में बदलाव जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
मानसिक स्वास्थ्य स्थितियां
डिप्रेशन और एंग्जायटी जैसी मानसिक समस्याएं भी शरीर को थका देती हैं. इसमें व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर महसूस करता है, जिससे शरीर में एनर्जी की कमी और लगातार थकान बनी रहती है.
कैसे पहचानें?
दिनभर की थकान को पहचानने के लिए शरीर के संकेतों पर ध्यान देना जरूरी है. अगर आप रोज पर्याप्त नींद लेने के बाद भी थका हुआ महसूस करते हैं, तो यह सामान्य नहीं है. फोकस करने में दिक्कत, बार-बार सिरदर्द, चिड़चिड़ापन और काम में रुचि कम होना इसके संकेत हो सकते हैं.
अगर बिना ज्यादा काम किए ही शरीर भारी लगे और एनर्जी की कमी महसूस हो, तो यह भी एक संकेत है. इसके अलावा, नींद के दौरान खर्राटे आना, सांस रुकना या सुबह उठकर भी फ्रेश महसूस न होना स्लीप से जुड़ी समस्या की ओर इशारा कर सकता है. लंबे समय तक ऐसी स्थिति बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
कैसे करें बचाव?
थकान से बचाव के लिए सबसे जरूरी है सही दिनचर्या अपनाना. रोजाना 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लें और सोने-जागने का समय तय रखें. संतुलित डाइट लें, जिसमें फल, सब्जियां और प्रोटीन शामिल हों, ताकि शरीर को जरूरी पोषण मिल सके. नियमित एक्सरसाइज करने से शरीर की एनर्जी बढ़ती है और थकान कम होती है.
साथ ही, मानसिक तनाव को कम करने के लिए योग, मेडिटेशन या पसंदीदा एक्टिविटी अपनाएं. स्क्रीन टाइम कम करें और सोने से पहले मोबाइल का इस्तेमाल न करें. अगर समस्या लगातार बनी रहती है, तो डॉक्टर से जांच और सही इलाज करवाना जरूरी है.
Live
