NDA में सीटों का बंटवारा फाइनल, BJP 27 और PMK 18 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
एनडीए ने आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की घोषणा कर दी है. बीजेपी 27, पट्टाली मक्कल काची 18 और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. बीजेपी नेता पीयूष गोयल और AIADMK चीफ पलानीस्वामी ने चेन्नई में AIADMK हेडक्वार्टर में चुनावी समझौते पर हस्ताक्षर किए. बता दें कि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में 23 अप्रैल को चुनाव है.
एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर अन्नाद्रमुक हेडक्वार्टर में हुई इस बैठक में AIADMK महासचिव पलानीस्वामी, केंद्रीय मंत्री और तमिलनाडु बीजेपी के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल, राज्य बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास, AMMK महासचिव टीटीवी दिनाकरन शामिल थे.
तमिलनाडु में कुल 5.67 करोड़ मतदाता
चुनाव आयोग के मुताबिक, तमिलनाडु में कुल 5.67 करोड़ मतदाता हैं. इनमें 2.77 करोड़ पुरुष और 2.89 करोड़ महिला मतदाता हैं. इसके साथ ही 7,617 ट्रांसजेंडर भी शामिल हैं. तमिलनाडु विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 10 मई, 2026 को समाप्त होने वाला है.
DMK और AIADMK का दबदबा
तमिलनाडु की राजनीति पिछले 60 सालों से दो बड़ी पार्टियों DMK और AIADMK के इर्द-गिर्द घूमती रही है. यह देश का अकेला ऐसा राज्य है जहां इतने लंबे समय से बीजेपी या कांग्रेस अपनी सरकार नहीं बना पाई है. इस बार का चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है क्योंकि समीकरण बदल गए हैं. बीजेपी ने AIADMK के साथ हाथ मिलाया है. वहीं, कांग्रेस और DMK एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं. सुपरस्टार विजय ने अपनी नई पार्टी TVK के साथ एंट्री मारी है. इससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है.
2021 में DMK ने लहराया था परचम
अगर पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो 2021 में एमके स्टालिन के नेतृत्व में DMK ने 133 सीटों पर जीत हासिल की थी और सूबे की सत्ता में वापसी की थी. कांग्रेस ने DMK के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था. उसे 18 सीटें मिली थीं. वहीं राज्य की सत्ता पर 10 साल तक काबिज रही AIADMK के खाते में 66 सीटें आई थीं. AIADMK के साथ गठबंधन करने के बाद भी बीजेपी को सिर्फ 4 सीटें मिली थीं.
Live
