राहुल गांधी कब जाएंगे राम मंदिर? अयोध्या पहुंचे दिग्विजय ने दिया जवाब
आज राम नवमी के मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह अयोध्या में प्रभु राम लला के दर्शन के लिए पहुंचे. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति यहां तभी आता है जब भगवान का बुलावा आता है. जब मुझे ‘बुलावा’ आया, तो मैं यहां आ गया. मंदिर में दर्शन करके अच्छा लगा. अगर आप भगवान राम के दर्शन करने आते हैं, तो हनुमान जी के दर्शन किए बिना रहना मुमकिन नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हर शख्स अपनी आस्था के मुताबिक ‘धर्म’ के रास्ते पर चलता है. उन्होंने कहा कि हम ‘धर्म’ का दुरुपयोग व्यापार या राजनीति के लिए नहीं करते. धर्म का राजनीतिक दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए, न ही इसका दुरुपयोग व्यापार के लिए होना चाहिए.
त्योहार के मौके पर शुभकामना देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने मंदिर के निर्माण का कभी विरोध नहीं किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने भी इसके लिए 1.11 लाख रुपये का दान दिया था. मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद सभी पर बना रहे.
राहुल गांधी कब आएंगे दर्शन करने?
राहुल गांधी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जब उन्हें बुलावा आएगा, तो वे जरूर आएंगे, क्यों नहीं आएंगे? हर व्यक्ति कांग्रेस में अपनी-अपनी आस्था के मुताबिक, धर्म का पालन करता है.हमारी आस्था, चाहे जिस भी धर्म का हो, हिंदू, मुसलमान, सिक्ख, ईसाई हो या पारसी हर शख्स अपनी आस्था के अनुसार धर्म से जुड़ा होता है. लेकिन किसी भी तरीके से इसका राजनैतिक दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए.
मिडिल ईस्ट के युद्ध देश की स्थिति को लेकर सवाल पूछे जाने पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि मौजूदा जो हालात हैं वो आप खुद ही देख रहे हैं.उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप और एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं.
Live
