जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में मुठभेड़… एक आतंकवादी ढेर, अखनूर में देखे गए ड्रोन

जम्मू कश्मीर के गांदरबल सेना ने मंगलवार रात तलाशी अभियान चलाया, इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया. अधिकारियों ने बताया कि सेना के तलाशी अभियान में रुक-रुककर हो रही गोलीबारी के बीच घेराबंदी को रणनीतिक रूप से पुनर्गठित किया गया. हमारे सैनिकों ने प्रभावी ढंग से जवाबी कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप एक आतंकवादी मारा गया.

श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने X पर एक पोस्ट में बताया कि एक खास खुफिया जानकारी के आधार पर, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गांदरबल के अरहामा इलाके में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया है. इसके अलावा पाक सीमा के पास ड्रोनों को मंडराते भी देखा गया है.

तलाशी अभियान पर क्या बोली सेना?

सेना ने एक्स पर कहा, “तलाशी के दौरान, चौकस जवानों ने कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी. चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी और हमारे जवानों ने जवाबी कार्रवाई की.” सेना ने कहा कि सैनिकों ने नपे-तुले जवाब के साथ प्रभावी ढंग से जवाबी कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप एक आतंकवादी मारा गया. साथ ही कहा कि आतंकवाद-विरोधी अभियान अभी भी जारी है.

LOC के पास दिखे ड्रोन

इस बीच जम्मू में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (LoC) के पास एक संदिग्ध ड्रोन देखा गया. नियंत्रण रेखा के अखनूर सेक्टर में ड्रोन देखे गए हैं, वहीं मंगलवार शाम करीब 9 बजे कलीथ गांव में एक ड्रोन देखा गया था. यह ड्रोन कुछ मिनटों तक भारतीय क्षेत्र में मंडराता रहा.

कश्मीर में हो रहा आतंक का सफाया

पहलगाम हमले के बाद सेना कश्मीर में आतंकियों के हाइड-आउट्स को लगातार तलाश कर रही है. पहलगाम के बाद से अब सेना ने कई ऑपरेशन चलाए हैं. आतंकवादियों की ‘शेल्फ लाइफ’ अब खत्म हो रही है. जो भी आतंकवादी अभी भी बचे हैं, वे अपने अस्तित्व को बचाने के लिए आखिरी लड़ाई लड़ रहे हैं.

Image Gallery