बच्चों का झगड़ा था, बेवजह मेरे दामाद को बदनाम किया जा रहा…बोलीं यूसुफ पठान की सास
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टीएमसी सांसद यूसुफ पठान के ससुराल में हड़कंप मचा है. उनके ससुर और साले समेत एक अन्य रिश्तेदार को एक शख्स के साथ मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि विवाद पानी के छींटे से शुरू हुआ था, जो कुछ ही देर मारपीट में बदल गया. वहीं इस घटना पर अब सांसद की सास का बयान सामने आया है, उन्होंने कहा कि बच्चों का झगड़ा था और उनके दामाद को बेवजह बदनाम किया जा रहा है.
बुधवार को मीडिया से बात करते हुए यूसुफ पठान की सास नसीबजान मोहम्मद खालिक ने कहा कि बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें दोनों साइड के लोग जख्मी हुए. उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष ने बेवजह उनके दामाद को बदनाम किया. उन्होंने कहा कि यूसुफ पठान के साथ उनकी बेटी की शादी को 12 साल हो गए हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपने दामाद के नाम का फायदा नहीं उठाया.
‘चुनाव की वजह से मेरे दामाद को बदनाम किया जा रहा’
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव का माहौल है इसलिए उनके दामाद को बदनाम किया जा रहा है. लोग इस मौके का फायदा उठाकर उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हम सिर्फ इंसाफ चाहते हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले से उनके दामाद का दूर-दूर तक कोई लेना देना नहीं है, न ही उसने किसी को कॉल किया न ही उसने किसी को धमकाया.
‘यूसुफ पठान के नाम का गलत इस्तेमाल नहीं किया’
वहीं इस मामले पर यूसुफ पठान के साले इमरान खान का कहना है कि शनिवार रात को जो झड़प हुई, दोनों पक्षों के बीच जो मारपीट हुई वो 10-12 साल पुरानी दुश्मनी का नतीजा थी. उन्होंने कहा कि इस मामले में बेवजह उनके बहनोई का नाम घसीटा जा रहा है, जबकि उनका इस झगड़े से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा यह सब यूसुफ पठान को बदनाम करने के लिए किया जा रहा है. इमरान ने कहा कि उनके परिवार ने कभी भी यूसुफ पठान के नाम का गलत इस्तेमाल नहीं किया.उन्होंने कहा कि ये विवाद प्रॉपर्टी को लेकर पिछले 10-12 साल से चल रहा है, जो बीते शनिवार को कुछ ज्यादा ही बढ़ गया.
क्या है पूरा मामला
दरअसल मुंबई के भायखला इलाके में शनिवार रात करीब 9 बजे यूसुफ खान नाम का एक शख्स अपनी गाड़ी से घर लौट रहा था. इसी दौरान सड़क पर गड्ढा होने की वजह से उसकी कार का पहिया गड्ढे में चला गया और गड्ढे में भरा गंदा पानी सड़क पर खड़े शोएब खान पर जा गिरा. हालांकि यूसुफ ने तुरंत गाड़ी रोकी और शोएब से माफी भी मांगी, लेकिन गुस्साए शोएब ने न सिर्फ यूसुफ के साथ गाली-गलौज की बल्कि उसके साथ मारपीट भी की, इसके साथ ही बांस की लकड़ी से उसकी कार का शीशा भी तोड़ दिया.
तीन आरोपी गिरफ्तार
यह मामला यहीं नहीं रुका. बताया जा रहा है कि यूसुफ खान अपने परिवार के साथ जब शिकायत दर्ज कराने पुलिस स्टेशन जा रहे थे, तभी रास्ते में उनका सामना खालिद खान से हुआ, जो यूसुफ पठान के ससुर हैं. पुलिस के मुताबिक खालिद ने अपने बेटे उमरशाद खान, शोएब खान और एक अन्य आरोपी शहबाज पठान के साथ मिलकर यूसुफ खान और उनके परिवार के साथ फिर से झगड़ा किया और मारपीट शुरू कर दी. इस हमले में कई लोग घायल हुए. यूसुफ खान के साले का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि एक अन्य रिश्तेदार को भी गंभीर चोटें आईं.
2 मई तक न्यायिक हिरासत में आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज की जांच की. बायकुला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खालिद खान, उमरशाद खान और शोएब खान को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि एक आरोपी शाहबाज पठान अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है. गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है.सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
Live
