अटलांटिक में क्रूज शिप पर फंसे 23 देशों के 149 लोग, हंतावायरस का दूसरा केस मिला, 3 लोग जान गंवा चुके

अटलांटिक महासागर में चल रहे क्रूज शिप MV होंडियस पर एक संदिग्ध बीमारी को लेकर चिंता बढ़ गई है. इस जहाज पर हंतावायरस के दो मामलों की पुष्टि हुई है. अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है. एक ब्रिटिश नागरिक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. जहाज का संचालन करने वाली कंपनी ने बताया कि मरने वालों में एक डच पति-पत्नी और एक जर्मन नागरिक शामिल हैं. 69 साल के ब्रिटिश नागरिक और मृत डच महिला में हंतावायरस की पुष्टि हुई है. हालांकि बाकी मौतों की वजह अभी साफ नहीं है और जांच जारी है.

वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) ने बताया कि इस जहाज से जुड़े पांच और संदिग्ध मामलों की भी जांच की जा रही है. हंतावायरस आमतौर पर चूहों जैसे जानवरों के मल, पेशाब या लार से फैलता है. इससे गंभीर सांस की बीमारी हो सकती है, लेकिन यह इंसान से इंसान में बहुत कम फैलता है. इस समय MV होंडियस जहाज केप वर्डे के तट के पास खड़ा है. जहाज पर 23 देशों के 149 लोग सवार हैं. केप वर्डे अफ्रीका का आइलैंड नेशन है, जिसने यात्रियों को उतरने की अनुमति नहीं दी है.

दो क्रू मेंबर में बीमारी के लक्षण मिले

कंपनी के मुताबिक, जहाज पर माहौल शांत है और लोग घबराए नहीं हैं. हालांकि, दो क्रू मेंबर (एक ब्रिटिश और एक डच) में सांस से जुड़ी बीमारी के लक्षण मिले हैं. इनमें से एक की हालत गंभीर है, लेकिन अभी हंतावायरस की पुष्टि नहीं हुई है. इन दोनों क्रू मेंबर और एक अन्य व्यक्ति को जल्द ही खास मेडिकल विमान से जहाज से बाहर ले जाने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए स्थानीय प्रशासन से बातचीत चल रही है.

Image Gallery