राजस्थान में इतिहास की दूसरी सबसे ज्यादा बारिश:कुल्लू में लैंडस्लाइड, 1 की मौत
राजस्थान में इस मानसून सीजन राज्य के इतिहास की दूसरी सबसे ज्यादा बारिश 693.1mm हुई है। 108 साल पहले 1917 में 844.2mm बारिश दर्ज हुई थी। अब तक राज्य के 63% बांध फुल हाे चुके हैं। बीते तीन महीने की बात करें तो जून में 125.3mm, जुलाई में 290mm और अगस्त में 184mm बारिश रिकॉर्ड हुई।
हिमाचल के कुल्लू में सोमवार देर रात एक घर पर लैंडस्लाइड हुई। इसमें एक ही परिवार के 8 लोग दब गए। जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 3 लोग रेस्क्यू किए गए। अभी भी 4 लोगों की तलाश जारी है। यूपी में गंगा, यमुना समेत सभी बड़ी नदियां उफान पर हैं। हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद मथुरा के वृंदावन में हालात बिगड़ गए हैं। 50% इलाका बाढ़ प्रभावित है।
राधा वल्लभ मंदिर में पानी भर गया। वृंदावन का परिक्रमा मार्ग पूरी तरह डूब चुका है। बांके बिहारी मंदिर से यमुना की दूरी 600 मीटर है, लेकिन अब महज 100 मीटर रह गई। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 48 जिले बाढ़ की चपेट में है।