फिल्मफेयर अवॉर्ड सेरेमनी आज:अहमदाबाद में सितारों का पहुंचना जारी; शाहरुख खान 17 साल बाद शो करेंगे होस्ट
पढ़िए फिल्मफेयर का इतिहास, इंट्रेस्टिंग फैक्ट्स और चर्चित विवाद
फिल्मफेयर अवॉर्ड की शुरुआत 1954 में हुई थी, जब महज 5 कैटेगरीज में अवॉर्ड बांटे गए थे। मीना कुमार फिल्म बैजू बावरा के लिए फिल्मफेयर जीतने वाली पहली एक्ट्रेस रहीं। वहीं सबसे ज्यादा 8-8 बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड शाहरुख खान और दिलीप कुमार के पास है।
ये सेरेमनी कई बार विवादों का कारण बनी। ऋषि कपूर ने अपनी बायोग्राफी में बताया कि उन्होंने पहली फिल्म बॉबी के लिए 30 हजार रुपए में बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड खरीदा, जबकि उस साल जंजीर के लिए अमिताभ बच्चन भी दावेदार थे।
विजेताओं को मिलती है 5 किलो की ‘द ब्लैक लेडी’
- फिल्मफेयर अवॉर्ड की ट्रॉफी एक महिला की है, जिसके दोनों हाथ ऊपर होते हैं। इसे आम तौर पर द ब्लैक लेडी कहा जाता है।
- इस ट्रॉफी को टाइम्स ऑफ इंडिया के आर्ट डायरेक्टर वॉल्टर लैंघामेर के सुपरविजन में एन.जी.पंसारे ने बनाया था।
- ट्रॉफी कांस्य (ब्रॉन्ज) की होती है। 46.5 सेंटीमीटर ऊंचाई वाली इस ट्रॉफी का वजन 5 किलो होता है।
- फिल्मफेयर अवॉर्ड के 25 साल पूरे होने पर सभी विजेताओं को ब्रॉन्ज की बजाए चांदी की ट्रॉफी दी गई थी।
- फिल्मफेयर अवॉर्ड के 50 साल पूरे होने यानी गोल्डन जुबली पर विजेताओं को असली सोने की ट्रॉफी दी गई थी।
फिल्मफेयर अवॉर्ड के इतिहास पर एक नजर
- फिल्मफेयर अवॉर्ड की शुरुआत 1954 में द टाइम्स ऑफ इंडिया की फिल्मफेयर मैगजीन ने सालाना इवेंट के तौर पर की थी, जिससे हिंदी सिनेमा की फिल्मों को सराहा जा सके।
- 1954 में ही फिल्मफेयर अवॉर्ड के साथ-साथ नेशनल अवॉर्ड की भी शुरुआत हुई थी।
- पहली अवॉर्ड सेरेमनी 1 मार्च 1954 को मुंबई के मेट्रो थिएटर में हुई।
- अवॉर्ड का नाम टाइम्स ऑफ इंडिया की एडिटर क्लैर मेंडोन्का पर क्लैर अवॉर्ड रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर फिल्मफेयर अवॉर्ड कर दिया गया।
- पहली सेरेमनी में पांच कैटेगरी बेस्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस और बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर थीं।
- बलराज साहनी, निरुपा रॉय और मीना कुमारी स्टारर फिल्म दो बीघा जमीन फिल्मफेयर बेस्ट फिल्म अवॉर्ड जीतने वाली पहली फिल्म थी। इसी के लिए बिमल रॉय को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला।
- मीना कुमारी को फिल्म बैजू बावरा के लिए पहला फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला, वहीं बेस्ट एक्टर फिल्म दाग के लिए दिलीप कुमार रहे। नौशाद अली को बैजू बावरा के लिए बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला।
- पहली सेरेमनी में हॉलीवुड स्टार ग्रेगोरी पेक बतौर गेस्ट ऑफ ऑनर बुलाए गए थे, लेकिन फ्लाइट में देरी होने के कारण वो सेरेमनी में पहुंच नहीं सके। उन्होंने सिर्फ डिनर अटेंड किया था।
- 1998 में इस अवॉर्ड में बेस्ट सीन की कैटेगरी जोड़ी गई थी, लेकिन साल 2012 में इस कैटेगरी को डिस-कंटीन्यू कर दिया गया।
- शाहरुख खान और दिलीप कुमार के पास बेस्ट एक्टर के सबसे ज्यादा 8 फिल्मफेयर अवॉर्ड हैं। जबकि शाहरुख ने अलग-अलग कैटेगरी में कुल 15 और दिलीप कुमार ने कुल 10 फिल्मफेयर अवॉर्ड हासिल किए हैं।
ऋषि कपूर ने दावा किया- 30 हजार में खरीदा था पहला अवॉर्ड
ऋषि कपूर ने अपनी आटोबायोग्राफी खुल्लम-खुल्ला में ये खुलासा किया था कि उन्होंने पहली फिल्म बॉबी के लिए पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड 30 हजार रुपए में खरीदा था।
उन्होंने बुक में कहा कि 1973 में ही बॉबी और जंजीर साथ रिलीज हुई थीं। जंजीर सुपरहिट रही और अमिताभ को अवॉर्ड मिलने की उम्मीद रही। मुझे ये कहते हुए शर्म आती है कि मैंने वो अवॉर्ड खरीदा। अमिताभ को बाद में किसी से पता चला कि मैंने अवॉर्ड के लिए पैसे दिए थे। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि 1974 में मैं महज 22 साल का था। पैसा कहां खर्च करना है, कहां नहीं, इसकी बहुत समझ नहीं थी। बाद में मुझे अपनी गलती का एहसास हुआ।