Loading...

हरियाणा के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट:एक में सुबह-सुबह हुई; रोहतक में सबसे ज्यादा टेंपरेचर बढ़ा; 32% ज्यादा बारिश

हरियाणा के 7 जिलों में मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान के मुताबिक यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, जींद, फतेहाबाद, सिरसा, हिसार में बारिश हो सकती है। फतेहाबाद जिले में रतिया क्षेत्र के गांव हसंगा में सुबह बारिश हुई है।

वहीं बीते कल दो जिलों हिसार और फतेहाबाद में बारिश हुई थी। अब तक प्रदेश में औसत से 32% अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। तापमान में भी गिरावट आई है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी वाली मानसूनी हवाएं प्रदेश की तरफ आने लगी हैं। वहीं, राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से अरब सागर से भी नमी वाली हवाएं आने की संभावना है।

सामान्य से 32 प्रतिशत ज्यादा बारिश मौसम विभाग के अनुसार अब तक हरियाणा में औसतन बारिश 86.4 एमएम दर्ज की गई है। जबकि सामान्यत: 65.4 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। यानी की प्रदेश में 32 प्रतिशत बारिश ज्यादा हो चुकी है।

बता दें कि इस बार मानसून सामान्य से 5 दिन पहले हरियाणा में आया था। वहीं अब मानसून ने पूरे हरियाणा को कवर कर लिया है। बारिश अधिक होने का एक कारण मानसून पहले आना भी हो सकता है।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम...

  • 5 जुलाई: मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला व कुरुक्षेत्र में 75-100 प्रतिशत बारिश होगी। करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, पलवल, नूंह व फरीदाबाद में 50-75 प्रतिशत बारिश होगी। 7 जिलों जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार, कैथल में 25-50 प्रतिशत और 2 जिलों सिरसा व फतेहाबाद में 25 प्रतिशत बरसात की संभावना है।
  • 6 जुलाई: पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में 75-100 प्रतिशत बारिश का अनुमान है। हिसार, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व नूंह में 50-75 प्रतिशत और सिरसा व फतेहाबाद में 25-50 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है।
  • 7 जुलाई: पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में 75-100 प्रतिशत बारिश हो सकती है। हिसार, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व नूंह में 50-75 प्रतिशत और सिरसा व फतेहाबाद में 25-50 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है।

हरियाणा का अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री गिरा प्रदेश के अधिकतम तापमान में गुरुवार को 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास ही चल रहा है। सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

24 घंटे में बदला तापमान पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी रोहतक में 1.3 डिग्री सेल्सियस की दर्ज की गई। जिसके बाद रोहतक का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं सबसे ज्यादा गिरावट अंबाला में 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। अंबाला का तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।