थाईलैंड से भारत लाए जा रहे लूथरा ब्रदर्स, दिल्ली एयरपोर्ट पर ही लिए जाएंगे हिरासत में? जानें पूरा प्लान
जानें क्या है पूरा प्लान
दिल्ली के T3 पर लैंड करने के बाद लूथरा ब्रदर्स को द्वारका सेक्टर 9 के अस्पताल मेडिकल के लिए लेकर जाएंगे। उसके बाद दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करेंगे और दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर लैंड होंगे। जब लूथरा ब्रदर्स दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे तो इसके बाद गोवा पुलिस की एक टीम उनका इंतजार कर रही है। दोनों को दिल्ली हवाई अड्डे से ही गोवा पुलिस हिरासत में ले लेगी।
गोवा पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया था, "गोवा पुलिस की एक टीम आज रात दिल्ली के लिए रवाना होगी और दिल्ली हवाई अड्डे से निकलते ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वहां मौजूद रहेगी।"
गोवा के अरपोरा स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइटक्लब के मालिक लूथरा बंधुओं ने 6-7 दिसंबर की दरमियानी रात को अपने नाइटक्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के कुछ घंटों बाद ही थाईलैंड भाग गए थे। उसके बाद भारत के अनुरोध पर पिछले हफ्ते थाई कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने फुकेत स्थित उनके होटल से सौरभ और गौरव को हिरासत में लिया था।
उनके पासपोर्ट भारतीय सरकार द्वारा जब्त कर लिए गए हैं और इंटरपोल के माध्यम से उनके खिलाफ ब्लू नोटिस जारी किया गया है। उपरोक्त अधिकारी ने बताया कि पहुंचने पर दोनों भाइयों को मंगलवार को ही दिल्ली की एक अदालत में पेश किया जाएगा ताकि उनकी ट्रांजिट रिमांड मांगी जा सके।
