दिल्ली में 6 साल बाद सबसे ठंडा मार्च, 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों का क्या है हाल?
देश की राजधानी दिल्ली सहित अलग-अलग राज्यों में अचानक ही मौसम का मिजाज बदल गया है. मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं के कारण शुक्रवार को दिल्ली में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. दिल्ली में शुक्रवार का दिन पिछले छह वर्षों में मार्च का सबसे ठंडा दिन रहा. राजधानी में शक्रवार को अधिकतम तापमान सफदरजंग में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है. इससे पहले आठ मार्च, 2020 को तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
वहीं, शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने 23 मार्च को दिल्ली में फिर से हल्की बारिश की संभावना जताई है. दिल्ली में शुक्रवार को बारिश के चलते वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है और एक्यूआई 93 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है. इससे पहले नौ अक्टूबर, 2025 को एक्यूआई 99 दर्ज किया गया था. करीब पांच महीने बाद लोगों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला है.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, 23 और 26 मार्च को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इससे पहले शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई. मनाली, लाहौल-स्पीति और रोहतांग दर्रे में 90 से 120 सेंटीमीटर तक बर्फ जम गई है. भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद कर दी गई हैं और प्रशासन ने आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है. उत्तराखंड के केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में भारी हिमपात दर्ज किया गया, जहां चार फुट तक बर्फ गिर चुकी है.
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 मार्च को बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 24 मार्च को असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी और मध्य भारत में 21 से 24 मार्च के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज हवाओं (50-60 किमी/घंटा) के साथ बारिश हो सकती है. इसी दौरान ओडिशा, झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का असर देखने को मिलेगा.
दक्षिण भारत में 21 और 22 मार्च को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में बिजली चमकने और हल्की बारिश के आसार हैं. पश्चिमी भारत में 21, 23 और 24 मार्च को मध्य महाराष्ट्र में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.
पंजाब, हरियाणा और यूपी का कैसा है मौसम?
उधर, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट बदल ली है. शुक्रवार को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में लगातार बारिश से तापमान सामान्य से 7 से 10 डिग्री तक नीचे चला गया. चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों शुक्रवार को तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट आई है. लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 10 डिग्री कम है. प्रदेश के 27 जिलों में मूसलाधार बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
Live
