गोरखपुर और लखनऊ के बीच शुरू हुई नई पैसेंजर ट्रेन, इन 7 जिलों को मिलेगा फायदा- चेक करें रूट और बाकी डिटेल्स
Indian Railways: उत्तर प्रदेश के आम लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी देने के लिए भारतीय रेल ने एक नई पैसेंजर ट्रेन शुरू की है। ये ट्रेन गोरखपुर के नकहा जंगल और लखनऊ के डालीगंज के बीच चलाई जाएगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस नई ट्रेन से जुड़ी अहम जानकारियां साझा की हैं। उन्होंने बताया कि ये नई ट्रेन गोरखपुर-लखनऊ के लिए नया वैकल्पिक रेल लिंक होगा। उत्तर प्रदेश के 7 जिलों- गोरखपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी और राजधानी लखनऊ को जोड़ने इस ट्रेन से मुख्यतः छात्रों, किसानों और छोटे व्यापारियों के साथ-साथ स्थानीय रेल यात्रियों को भी काफी फायदा होगा।
किस रूट से चलाई जाएगी नकहा जंगल-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, नकहा जंगल और डालीगंज के बीच चलाई जाने वाली ये पैसेंजर ट्रेन अपनी यात्रा में पीपीगंज, आनंद नगर जंक्शन, सिद्धार्थनगर, बढ़नी, गोंडा जंक्शन, बाराबंकी और बुढ़वल रूट से चलाई जाएगी। इतना ही नहीं, ये ट्रेन बढ़नी और सिद्धार्थनगर के रास्ते नेपाल के यात्रियों के लिए भी काफी सुविधाजनक होगी।
क्या होगी ट्रेन की टाइमिंग
नकहा जंगल से डालीगंज के बीच चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 55061, नकहा जंगल-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन 27 मई से रात 11:10 बजे नकहा जंगल से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 9:25 बजे डालीगंज पहुंचेगी। वापसी में, डालीगंज से नकहा जंगल के बीच चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 55062, डालीगंज-नकहा जंगल पैसेंजर ट्रेन 26 मई से डालीगंज से शाम 5:20 बजे रवाना होगा और अगले दिन सुबह 4:45 बजे नकहा जंगल पहुंचेगी।
किन स्टेशनों पर रुकेगी नई पैसेंजर ट्रेन
ये पैसेंजर ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान नकहा जंगल से प्रस्थान कर मानीराम, पीपीगंज, कैम्पियरगंज, आनंद नगर, बृजमनगंज, उसका बाजार, सिद्धार्थ नगर, चिल्हिला, शोहरतगढ़, परसा, बढ़नी, त्रिलोकपुर, पचपेड़वा, गैंसड़ी, तुलसीपुर, कौआपुर, गैजहवा, झारखण्डी, बलरामपुर, इटियाथोक, सुभागपुर, गोंडा, गोंडा कचहरी, कठोला हॉल्ट, मैजापुर, कस्तुरी, करनैलगंज, सरयू, जरवल रोड, घाघरा घाट, चौकाघाट, बुढ़वल, बिन्दौरा, रफीनगर, जहांगीराबाद, बाराबंकी, सफेदाबाद, जुग्गौर फ्लैग, मल्हौर, गोमती नगर, बादशाह नगर रेलवे स्टेशनों पर रुकते हुए डालीगंज पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 12 कोच लगाए जाएंगे।
Live
