वैभव सूर्यवंशी को मेडन ओवर फेंकने वाला एकमात्र गेंदबाज, GT बॉलर्स को भी आज करना होगा करिश्मा

Vaibhav Sooryavanshi: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरी है। इस सीजन के एलिमिनेटर मैच में उन्होंने SRH के खिलाफ 97 रनों की तूफानी पारी खेली थी। उस पारी की चर्चा क्रिकेट जगत में अभी भी हो रही है। आईपीएल के इस सीजन में उन्होंने जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, पैट कमिंस जैसे बड़े-बड़े गेंदबाजों को अपने निशाने पर लिया और उनके खिलाफ खूब रन बनाए। लेकिन इस सीजन एक गेंदबाज ऐसा भी था, जिसने वैभव सूर्यवंशी को एक मेडन ओवर डाला। अब आप भी सोच रहे होंगे कि वो गेंदबाज कौन हैं।

LSG के गेंदबाज ने वैभव सूर्यवंशी को डाला था मेडन ओवर

वैभव सूर्यवंशी को जिस गेंदबाज ने मेडन ओवर फेंका था वो कोई और नहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मोहसिन खान हैं। यह आईपीएल 2026 का 32वां मैच था। उस मैच में राजस्थान की टीम ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए थे। उस मैच में वैभव 11 बॉल पर सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए थे। राजस्थान की पारी के चौथे ओवर में वैभव सूर्यवंशी स्ट्राइक पर थे और LSG की तरफ से ये ओवर मोहसिन खान फेंक रहे थे। उस मैच को राजस्थान रॉयल्स ने 40 रनों से अपने नाम किया था।

मोहसिन खान की गेंद पर ही आउट हुए थे वैभव

मोहसिन खान ने उस ओवर में लाइन-लेंथ पकड़कर जबरदस्त गेंदबाजी की। उनकी पहली पांच गेंद पर वैभव कोई रन नहीं बना पाए। लगातार 5 डॉट गेंदें खेलने के बाद वैभव पर दबाव बढ़ गया था। इसके बाद उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन वो गेंद को सही से टाइम नहीं कर सके। 30 यार्ड सर्कल के अंडर फील्डिंग कर रहे दिग्वेश राठी ने एक अच्छा पकड़कर उस मैच में वैभव को पवेलियन भेज दिया था।

GT के बॉलर्स को भी वैभव के लिए तैयार करना होगा मास्टरप्लान

राजस्थान रॉयल्स की टीम क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस का सामना करेगी। इस मैच में GT के गेंदबाज हर हाल में वैभव को जल्द से जल्द आउट करना चाहेंगे क्योंकि वो शानदार फॉर्म में हैं और एलिमिनेटर मैच में एक बड़ी पारी खेलकर आ रहे हैं। लेकिन 15 साल के बल्लेबाज को आउट करने के लिए GT के गेंदबाजों को वही मोहसिन खान वाला मास्टरप्लान तैयार करना होगा। अगर गुजरात के बॉलर्स इस मुकाबले में वैभव को जल्दी आउट करने में कामयाब हो जाते हैं तो उनके लिए जीत का रास्ता थोड़ा आसान हो जाएगा।