दिग्गज डायरेक्टर भारतीराजा का निधन, गम में डूबीं खुशबू सुंदर, सामने आई मौत की वजह
तमिल फिल्म इंडस्ट्री से बुरी खबर सामने आई है और पूरी इंडस्ट्री में मातम पसर गया है। जाने-माने फिल्ममेकर भारतीराजा का निधन हो गया है। एक्टर ने बुधवार यानी 10 जून को आखिरी सांस ली। उन्होंने 85 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। बुधवार सुबह चेन्नई में खराब सेहत और उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण उनकी मौत हुई है। बताया जा रहा है कि वो लंबे समय से बीमार थे और कई समस्याओं से जूझ रहे थे। उम्र और लंबी बीमारी ही उनकी मौत का कारण बने। उनके अंतिम संस्कार के बारे में अभी तक कोई खास जानकारी सामने नहीं आई है।
इस तरह सामने आई भारतीराजा की मौत की जानकारी
तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल के सदस्यों ने इस खबर की पुष्टि की और दुख जताया। तमिल में उनके संदेश का मोटा-मोटा अनुवाद कुछ इस तरह है, 'हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि हमारे एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ सदस्यों में से एक, मशहूर डायरेक्टर मिस्टर भारतीराजा का आज सुबह निधन हो गया।' जैसे ही ये खबर सोशल मीडिया पर आई फैंस के बीच दुखों का सैलाब आ गया। लोग लगाताक दुख जाहिर कर रहे हैं और अपने पसंदीदा निर्देशक की आत्मा की शांति के लिए दुआएं कर रहे हैं।
खुशबू सुंदर ने जताया दुख
एक्टर, प्रोड्यूसर और पॉलिटिशियन खुशबू सुंदर भारतीराजा के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हुईं और उन्होंने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल कर देने वाला पोस्ट साझा किया। उन्होंने भारतीराजा की एक तस्वीर के साथ लिका, 'यह जानकर बहुत दुख हुआ कि हमारे सबसे चहेते और सम्मानित डायरेक्टर, महान भारतीराजा अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन से तमिल सिनेमा में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी फिल्में हमेशा मिसाल रही हैं और आगे भी फिल्म मेकिंग की असली पाठशाला बनी रहेंगी। उन्होंने सिनेमा के हर चाहने वाले के लिए एक बड़ी विरासत छोड़ी है। वे हमेशा कहते थे कि मेरे साथ दो चोटियों वाले लुक में एक फिल्म करेंगे। यह सपना अब अधूरा ही रह जाएगा। सर, आपकी बहुत याद आएगी। आपकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।'
बेटे की मौत से टूट गए थे भारतीराजा
बता दें, मार्च 2024 में 48 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से उनके बेटे और एक्टर मनोज भारतीराजा की मौत हो गई थी। इस घटना ने उन्हें तोड़ दिया था और इसके बाद से ही उनकी सेहत बिगड़ रही थी। मनोज की मौत और अंतिम संस्कार के दौरान में भारतीराजा पूरी तरह टूट चुके थे और इस मुश्किल को स्वीकार करने के लिए वो लगातार जूझते रहे। पिछले साल दिसंबर में सांस लेने में तकलीफ और घरघराहट की शिकायत के बाद भारतीराजा को चेन्नई के टी नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
भारतीराजा का निर्देशन करियर
भारतीराजा ने अपने बेटे के जन्म के एक साल बाद 1977 में बतौर डायरेक्टर '16 वयथिनिले' से डेब्यू किया था। उन्होंने अपने लंबे करियर में 40 से ज्यादा फिल्मों का निर्देशन किया। चार दशक से ज्यादा लंबे करियर ने उन्हें 'इयक्कुनर इम्मायाम' नाम दिया, इसी नाम से वो इंडस्ट्री में जाने जाते थे। उनकी सबसे मशहूर फिल्मों में 'किझाके पोगुम रेल', 'सिगप्पू रोजक्कल', 'अलायगल ओइवाथिल्लई', 'काधल ओवियम' और 'मुधल मरियथाई' शामिल हैं। आखिरी बार उन्होंने 'परवाई कूटिल वाझुम मांगाल' का निर्देशन किया। इसे आप प्राइम वीडियो की एंथोलॉजी 'मॉडर्न लव चेन्नई' के हिस्से के रूप में देख सकते हैं।
भारतीराजा का एक्टिंग करियर
भारतीराजा सिर्फ शानदार डायरेक्टर नहीं बल्कि कमाल के एक्टर भी थे। उन्होंने कई फिल्मों में एक्टिंग की। हाल में वो मोहनलाल के साथ 'थुदारुम' में नजर आए थे। इसके अलावा 'पुलावर' में उन्होंने एक्टिंग की है, ये फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है, ये उनके करियर की आखिरी फिल्म होगी। 'आयुथा एझुथु', 'पांडियानाडू', 'ईश्वरन', 'तिरुचित्रम्बलम' और 'महाराजा' जैसी शानदार फिल्मों ने उनके एक्टिंग करियर में चार चांद लगाए।
Live
