₹2,30,493 पर पहुंची चांदी की कीमतें, सोने के भाव में भी गिरावट- चेक करें आज के ताजा रेट

मिडिल-ईस्ट में अमेरिका और ईरान में ताजा बमबारी के बीच सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। हफ्ते के चौथे दिन, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी गिरावट के साथ लाल निशान में ट्रेड कर रहे हैं। सुबह 10.12 बजे के आसपास 5 अगस्त की डिलीवरी वाला सोना 0.45 प्रतिशत (660 रुपये) की गिरावट के साथ 1,47,357 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा था। जबकि, 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमतें 0.43 प्रतिशत (1005 रुपये) की गिरावट के साथ 2,34,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।

1,46,444 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिरीं सोने की कीमतें

गुरुवार को 5 अगस्त की डिलीवरी वाला सोना गिरावट के साथ 1,46,518 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर खुला, जो बुधवार को 1,48,017 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर बंद हुआ था। आज कारोबार के दौरान सोने की कीमत 1,47,620 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे हाई से लेकर 1,46,444 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे लो तक पहुंच चुका है। 

₹2,30,493 पर पहुंचा चांदी का भाव

वहीं दूसरी तरफ, 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमतें आज गिरावट के साथ 2,31,671 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर खुली, जो बुधवार को 2,35,505 रुपये के भाव पर बंद हुई थी। आज कारोबार के दौरान, चांदी का भाव 2,34,527 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे हाई से लेकर 2,30,493 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे लो तक पहुंच चुका था।

बुधवार को सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के रेट में भारी गिरावट

बताते चलें कि बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली थी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 10,000 रुपये (लगभग 4 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,45,700 रुपये प्रति 1 किलोग्राम पर आ गई थी। चांदी के अलावा, दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 4300 रुपये (लगभग 3 प्रतिशत) टूटकर 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था।

क्यों गिर रही हैं सोने-चांदी की कीमतें

बताते चलें कि बीते कुछ दिनों से सोने और चांदी की कीमतों में लगातार भारी गिरावट देखने को मिल रही है। जानकारों ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से कच्चा तेल 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जिससे डॉलर मजबूत हुआ और सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई। एनर्जी की कीमतों में उछाल से महंगाई के लंबे समय तक ऊपर बने रहने और ब्याज दरें ऊंची बनी रहने की आशंका बढ़ी है। इससे निवेशकों के बीच सोने-चांदी को लेकर आकर्षण में कमी आई है।

Image Gallery