मुंबई में कम्युनिटी डॉग 'माइकी' का क्रूर मर्डर! दुर्लभ फॉरेंसिक जांच शुरू, बॉलीवुड स्टार्स कर रहे इंसाफ की मांग

महाराष्ट्र की राज्य फॉरेंसिक टीम को मलाड के एक पॉश रिहायशी इलाके से लापता हुए एक कम्युनिटी डॉग की हत्या के जांच के लिए तैनात किया गया है। मुंबई में आवारा या कम्युनिटी डॉग की हत्या के मामले में यह पहली बार है, जब डायरेक्टरेट ऑफ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्रीज (DFSL) ने मौके पर जाकर फील्ड फॉरेंसिक जांच शुरू की है।

क्या है पूरा मामला?

यह जांच 'माइकी' नामक कम्युनिटी डॉग के गायब होने से जुड़ी है, जो मढ़ स्थित रहेजा एक्सोटिका सोसायटी में रहता था। इस सोसायटी में बॉलीवुड और टेलीविजन जगत की कई हस्तियां रहती हैं। शनिवार को अभिनेता संकेत कदम, जो सोसायटी के निवासी हैं, ने मालवणी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद FIR दर्ज की गई।

CCTV फुटेज देने से इनकार

संकेत के बयान के अनुसार, अभिनेत्री मंजरी फडनिस ने 29 मई को उन्हें बताया कि माइकी लापता है। दोनों ने सोसायटी के व्हाट्सएप ग्रुप में कई मैसेज प्रसारित किए, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। कदम ने आरोप लगाया कि सोसायटी सेक्रेटरी ने कुत्ते के बारे में अस्पष्ट जवाब दिए, जबकि मैनेजर और हाउसकीपिंग सुपरवाइजर ने यह कहते हुए सीसीटीवी फुटेज देने से इनकार कर दिया कि उसे फॉर्मेट कर दिया गया है।

पहले भी माइकी के साथ हो चुकी है मारपीट 

अपने बयान में कदम ने आरोप लगाया कि सोसायटी प्रबंधन पहले से ही माइकी के प्रति शत्रुतापूर्ण रवैया रखता था। उनका दावा है कि सचिव और हाउसकीपिंग स्टाफ ने पहले भी माइकी के साथ मारपीट की थी और उसे परिसर से हटाने की कोशिश की थी। उन्होंने आशंका जताई कि कुत्ते को पीट-पीटकर मार दिया गया और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को ठिकाने लगा दिया गया।

डीएफएसएल की एक विशेष टीम ने सोसायटी का दौरा कर संदिग्ध स्थानों से कई नमूने एकत्र किए। सूत्रों के मुताबिक, बरामद साक्ष्यों में संदिग्ध खून के छींटों के नमूने भी शामिल हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

डॉग से बेरहमी पर बिलख पड़ीं एक्ट्रेस 

बीते सोमवार को मंजरी फडनिस ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर दावा था किया कि एक व्यक्ति ने स्वीकार किया है कि माइकी को पीट-पीटकर मार दिया गया और उसके शव को पास की खाड़ी में फेंक दिया गया। उन्होंने वीडियो में रोते हुए बताया कि माइकी एक पालतू कुत्ता था, जिसे परिवार ने छोड़ दिया और उसके बाद से ही वो उनकी सोसाइटी में साल 2019 या 2020 में आ गया था। तब से वो सोसाइटी में ही रहता था और लोग उसका ख्याल रखते थे। मंजरी ने आग बताया कि माइकी गायब हो गया था और सोसाइटी के लोग उसे खोज रहे थे। लोगों ने पोस्ट बनाए और आस-पास के इलाकों में लगा दिया और सुरक्षाकर्मियों से भी बात की ताकि वो उसे खोज सकें।

मार-मार कर कुत्ते का किया बुरा हाल

वीडियो में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा था, 'काश मुझे यह वीडियो कभी न बनाना पड़ता, लेकिन मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी है।' उन्होंने माइकी को बहुत प्यारा कुत्ता बताया और कहा कि इलाके के लोग लगातार उसे ढूंढ रहे थे। इसके बाद फडनीस ने बताया कि सोसाइटी के ही किसी व्यक्ति को माइकी बेसमेंट के पास मिला और उसे लगा कि वो शांति से सो रहा था, तभी उसके सिर पर डंडे या लोहे की रॉड से वार किया गया। वो आगे कहती हैं, 'वह बुरी तरह घबरा गया था। वे उसे घसीटकर B1 और लॉबी के बीच सीढ़ियों वाली जगह पर ले गए और उसे इतना मारा कि उसके मुंह से खून निकलने लगा। डर के मारे उसका मल-मूत्र निकल गया। वह मरने जैसी हालत में था, उन्होंने उसे एक बोरी में डाला और पीछे की एक खाली जगह पर फेंक दिया।'

इस मामले में अभिनेत्री नुसरत भरूचा, भूमि पेडनेकर और संध्या मृदुल समेत कई कलाकारों ने न्याय की मांग की है।