NEET Paper Leak: आरोपी यश यादव दे सकेगा नीट री-एग्जाम, बहन की शादी में भी जाने की इजाजत

NEET UG पेपर लीक मामले के आरोपी यश यादव को लेकर अपडेट सामने आया है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने आरोपी यश यादव को आगामी 21 जून को होने वाली NEET UG की दोबारा परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही, कोर्ट ने उसे अपनी बहन की शादी में शामिल होने की भी मंजूरी दी है। हालांकि, इस पूरे दौरान यश यादव पुलिस कस्टडी में ही रहेगा। फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा कि शिक्षा एक मौलिक अधिकार है।

कस्टडी में देगा परीक्षा

NEET री एग्जाम देशभर में 21 जून को आयोजित किया जाएगा। यश यादव को यह परमिशन देते हुए कोर्ट ने कहा कि शिक्षा एक मौलिक अधिकार है, इससे किसी को वंचित नहीं किया जा सकता। आरोपी यश यादव NEET री-टेस्ट के परीक्षा केंद्र तक पुलिस कस्टडी में ले जाया जाएगा, जहां वह एग्जाम दे सकेगा। इसके साथ ही, कोर्ट ने उसे उसकी बहन की शादी के समारोह में भी शामिल होने की इजाजत दी है। इस दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और वह पुलिस की निगरानी में ही रहेगा।

15 दिन की जमानत मांगी थी

आरोपी यश यादव ने अदालत से 15 दिन की अंतरिम जमानत मांगी थी। हालांकि, इस महीने की शुरुआत में हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह कहते हुए अर्जी पर विचार टाल दिया था कि यह रिक्वेस्ट करना जल्दबाजी होगी और आरोपी को अभी तक एडमिट कार्ड भी नहीं मिला है। ऐसे में कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 16 जून तय कर दी थी।