कहीं गिरे पेड़, कहीं थमी ट्रेनों की रफ्तार, मूसलाधार बारिश से मुंबई हुई बेहाल
मुंबई में मंगलवार को रातभर हुई भारी बारिश के कारण बुधवार सुबह उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं, निचले इलाकों में पानी भर गया और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में महानगर के कुछ हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।
रातभर हुई बारिश के कारण बुधवार सुबह तक शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया जिससे यातायात प्रभावित हुआ और हजारों लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। ठाणे और पालघर जिलों में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश होने के कारण मालशेज घाट में भूस्खलन हुआ और पेड़ गिरने की कई शिकायतें मिलीं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में मुंबई और उसके उपनगरों में गरज एवं बिजली चमकने के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। नगर निकाय के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में द्वीप शहर में औसतन 195 मिलीमीटर, पश्चिमी उपनगरों में 208 मिलीमीटर और पूर्वी उपनगरों में 167 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य आगमन तिथि से 13 दिन की देरी से मंगलवार को मुंबई पहुंचा जिससे शहर और उपनगरों में व्यापक पैमाने पर बारिश हुई तथा भीषण गर्मी से राहत मिली।
नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तड़के अंधेरी उपमार्ग, हिंदमाता और किंग्स सर्किल इलाकों में जलभराव की सूचना मिली जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और प्रमुख सड़कों पर यातायात बाधित हो गया। अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर रेल पटरियों पर पानी भरने के कारण उपनगरीय रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने हालांकि बताया कि जलस्तर ट्रेन सेवाएं रोकने के लिए निर्धारित खतरे के निशान से नीचे रहा। कई यात्रियों ने सुबह विशेष रूप से मध्य रेलवे के मार्गों पर ट्रेन सेवाओं में देरी और लोकल ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ होने की शिकायत की।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश की वजह से मध्य रेलवे की 'ट्रांस-हार्बर लाइन' की सेवाओं पर भी असर पड़ा। तुर्भे और कोपरखैरने स्टेशनों के बीच पानी के तेज बहाव के कारण रेल पटरी के नीचे धंस जाने के कारण नवी मुंबई में वाशी/पनवेल और ठाणे के बीच सेवाएं प्रभावित हुईं। मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि ठाणे-वाशी खंड पर 'अप लाइन' को सुबह पांच बजकर छह मिनट पर और 'डाउन लाइन' को सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर असुरक्षित घोषित कर दिया गया जिससे सुबह के व्यस्त समय में ट्रेन परिचालन प्रभावित हुआ।
अप लाइन' को सुबह सात बजकर 27 मिनट पर बहाल कर दिया गया और इस पर ट्रेन की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित रखी गई। 'डाउन लाइन' को सुबह सात बजकर 35 मिनट पर सुरक्षित घोषित किया गया तथा इस पर ट्रेन को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की अनुमति दी गई। अधिकारी ने कहा, ''पानी के अत्यधिक बहाव के कारण रेल पटरी के नीचे की जमीन धंस गई थी।'' इस घटना के बाद ट्रेन सेवाओं को नियंत्रित किए जाने के कारण कई स्टेशन पर यात्रियों को देरी और अत्यधिक भीड़ का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने हालांकि बताया कि भारी बारिश के बावजूद पश्चिम रेलवे की सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही थीं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि सुबह आठ बजकर 28 मिनट पर समुद्र में 3. 41 मीटर ऊंचा ज्वार आया जबकि शाम सात बजकर 41 मिनट पर 3.35 मीटर ऊंचा ज्वार आने का अनुमान है।
Live
