भारत बनाम इंग्लैंड T20I मैच में शतक लगाने वाले पांच बल्लेबाज, इसमें चार भारतीय खिलाड़ी

भारत और इंग्लैंड के बीच एक बार फिर से टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का आगाज होने जा रहा है। दोनों टीमों के बीच टी20 में पहला मुकाबला साल 2007 में हुआ था। तब से लेकर अब तक केवल 5 ही बल्लेबाज ऐसे हुए हैं, जो इन मैचों में शतक लगा पाए हैं। खास बात ये है कि इसमें चार भारतीय खिलाड़ी हैं और केवल एक ही इंग्लैंड का ​बैटर है।

भारत बनाम इंग्लैंड टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भारत के अभिषेक शर्मा हैं। अभिषेक ने दो फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 54 बॉल पर 135 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी। आज तक भी उनसे ज्यादा रन एक पारी में इन दोनों टीमों के बीच मुकाबले में कोई दूसरा बल्लेबाज नहीं बना पाया है।

सूर्यकुमार यादव अब भले ही टीम इंडिया की कप्तानी से हटा दिए गए हों, साथ ही उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया हो, लेकिन उन्होंने भी इंग्लैंड के खिलाफ सेंचुरी लगाई है। सूर्या ने साल 2022 में यानी अपने डेब्यू के कुछ ही दिन बाद इंग्लैंड की जमीन पर जाकर 55 बॉल पर शानदार 117 रनों की पारी खेली थी। जो आज भी यादगार है।

भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में अब तक केवल एक ही इंग्लैंड का बल्लेबाज शतक लगा पाया है। वे हैं जैकब बैथल। उन्होंने साल 2026 के टी20 विश्व कप में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 48 बॉल पर 105 रनों की बेशकीमती पारी खेली थी। हालांकि बैथल के शतक के बाद भी इंग्लैड की टीम इस मैच को सात रन से मामूली अंतर से हार गई थी।

केएल राहुल भी साल 2022 से टी20 टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। लेकिन वे भी इंग्लैंड के खिलाफ इस फॉर्मेट में शतक लगा चुके हैं। राहुल न साल 2018 में मेनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ 54 बॉल पर नाबाद 101 रन बनाए थे। हालां​कि राहुल का टी20 करियर ज्यादा लंबा नहीं चल सका।

रोहित शर्मा ने साल 2024 का आईसीसी टी20 विश्व कप अपनी कप्तानी में जीतकर इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था। इसे पहले साल 2018 में रोहित शर्मा ने 56 बॉल पर इंग्लैंड के खिलाफ 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी। इन पांच बल्लेबाजों के अलावा और कोई भी इन दोनों टीमों के बीच मुकाबले में शतक नहीं लगा पाया है।