भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी, अभिषेक और बटलर के बीच नंबर-1 की जंग
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल में अब तक कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं, जिसमें अधिकतर मैचों में बल्लेबाजों का दबदबा देखा गया है। दोनों टीमों के बीच में अभी 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है, जिसमें भारत-इंग्लैंड के बीच मुकाबलों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या के बीच में दिलचस्प जंग देखने को मिल रही है। बटलर जहां अभी पहले नंबर पर काबिज हैं तो वहीं अभिषेक शर्मा भी उनसे अधिक पीछे नहीं हैं। ऐसे में हम आपको दोनों टीमों के बीच में अब तक हुए टी20 मैचों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं।
इंग्लैंड टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर इस लिस्ट में पहले नंबर पर काबिज हैं, जिसमें उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में अब तक टीम इंडिया के खिलाफ 29 मुकाबले खेलते हुए 25 पारियों में बल्लेबाजी की है, जिसमें बटलर के बल्ले से जहां 31.85 के औसत से 669 रन देखने को मिले हैं। वहीं बटलर ने 61 चौके लगाने के साथ 28 छक्के भी लगाए हैं।
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या जो मौजूदा सीरीज का हिस्सा नहीं हैं वह इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। हार्दिक पांड्या ने इंग्लैंड के खिलाफ 21 टी20 मैच खेले हैं जिनकी 19 पारियों में उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए जहां 29.40 के औसत से 441 रन बनाए हैं तो वहीं उनके बल्ले से 27 छक्के भी देखने को मिले हैं। हार्दिक ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन अर्धशतकीय पारियां भी खेली हैं।
अभिषेक शर्मा इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ जहां अब तक सिर्फ 7 टी20 मुकाबले खेले हैं और सात पारियों में बल्लेबाजी करते हुए लगभग 50 के औसत से 347 रन बनाए हैं। वहीं अभिषेक शर्मा के बल्ले से एक शतकीय और एक अर्धशतकीय पारी भी देखने को मिली है जबकि उन्होंने 26 छक्के इंग्लैंड के खिलाफ टी20 में लगाए हैं।
इंग्लैंड टीम के लिए एक समय प्रमुख ओपनिंग बल्लेबाज की भूमिका निभाने वाले जेसन रॉय इस लिस्ट में अभी चौथे नंबर पर हैं। जेसन रॉय ने भारतीय टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में 15 मैचों में खेलते हुए जहां 15 पारियों में बल्लेबाजी की और उसमें उन्होंने 23.73 के औसत से 356 रन बनाए तो वहीं वह 20 छक्के भी लगाने में कामयाब रहे थे।
टी20 इंटरनेशनल से साल 2024 में रिटायरमेंट लेने वाले विराट कोहली का इस फॉर्मेट में लगभग हर टीम के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड देखने को मिलता है। कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ 21 टी20 मैचों में 21 पारियों में बल्लेबाजी करने के साथ 38.11 के औसत से जहां 648 रन बनाए हैं तो वहीं उनके बल्ले से 19 छक्के भी देखने को मिले हैं।
