कुएं में जहरीली गैस से बड़ा हादसा, बैल को बचाने की कोशिश पड़ी भारी, 3 ग्रामीणों की हुई मौत

मध्य प्रदेश के मैहर जिले से दिल को दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक पशु को बचाने के चक्कर में तीन लोगों की जान चली गई। इन तीनों व्यक्तियों के परिवार वालों की रो-रोकर हालत खराब हो गई है। दरअसल, मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के खरमसेड़ा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके के लोगों का दिल झकझोर कर रख दिया है। पुलिस की दी गई जानकारी के अनुसार एक बैल कुएं में गिर गया था। उसे बचाने के लिए तीन ग्रामीण एक-एक कर कुएं में उतरे, लेकिन कुएं के भीतर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। कुएं के अंदर जाते ही तीनों का दम घुटने लगा और मौका पर दम तोड़ दिया।

3 शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा अस्पताल

मामले की जांच में पुलिस को पता चला की हादसे के दौरान एक अन्य ग्रामीण भी कुएं में उतरा, जो जहरीली गैस के असर से बेहोश हो गया। उसे तत्काल बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन हालत बिगड़ते गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तीनों ग्रामीणों की मौत से पसरा मातम

कुएं में जहरीली गैस से हुई 3 ग्रामीणों की मौत की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और मृतकों के परिजनों का अस्पताल के बाहर रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। बताया जा रहा कि इस हादसे में कृष्ण कुमार यादव 28 वर्ष, वीरेंद्र यादव 47 वर्ष ओर राहुल यादव उम्र 34 वर्ष की मौत हुई है।

जहरीली गैस बनी मौत की वजह

मध्य प्रदेश के मैहर से पहले दिल्ली के मुंडका में जहरीली गैस से 3 मजदूरों की मौत की खभर सामने आई थी। जानकारी के अनुसार एक फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक में उतरे तीन मजदूरों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई है।