बिहार में कांग्रेस का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम रद्द, अब देहरादून में आयोजन की तैयारी
बिहार में 15 जुलाई को कांग्रेस द्वारा आयोजित होने वाला 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य की इकाई कार्यक्रम की तैयारी ढंग से नहीं कर पाई, जिसके चलते कार्यक्रम रद्द किया गया। दूसरी तरफ, पार्टी का कहना है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता लागू है, जिसके कारण इस कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि पटना में कार्यक्रम निरस्त होने के बाद कांग्रेस ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। अब यह कार्यक्रम पटना की जगह अब देहरादून में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम के लिए संभावित तारीख 17 जुलाई है।
उत्तराखंड के लिए पीएसी का गठन
एक अन्य खबर में, उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने मंगलवार को उत्तराखंड कांग्रेस के लिए एक उच्च स्तरीय राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) का गठन किया है। इस समिति में राज्य के सभी कद्दावर नेताओं और गुटों को साधते हुए एक मजबूत टीम तैयार करने की कोशिश की गई है।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस समिति के गठन संबंधी प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। कांग्रेस द्वारा गठित इस 23 सदस्यीय समिति में उत्तराखंड के लगभग सभी शीर्ष चेहरों को शामिल किया गया है, ताकि आपसी गुटबाजी को खत्म कर एकजुटता का संदेश दिया जा सके।
23 दिग्गजों को मिली जगह
इस 23 सदस्यीय समिति में पार्टी महासचिव और राज्य प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक दल के नेता यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, गुरदीप सिंह सप्पल, काजी निजामुद्दीन, करण माहरा, मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा, डॉ. हरक सिंह रावत, भुवन कापड़ी, प्रकाश जोशी और अन्य नेताओं को जगह दी गई है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य में पार्टी के सभी अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष समिति के पदेन सदस्य होंगे। राजनीतिक गलियारों में इस समिति के गठन को बेहद अहम माना जा रहा है।
