ई-रिक्शा के बाद क्या ATM भी हो रहे चीनी ऐप से कंट्रोल? जानें वायरल वीडियो की सच्चाई

चीनी ऐप के जरिए ई-रिक्शा कंट्रोल करने वाले वीडियो के सामने आने बाद सरकार ने चीनी BAT-BMS जैसे ऐप्स को भारत में बैन कर दिया है। इसके कुछ दिन बाद ही अब इंटरनेट पर एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि चीनी ऐप के जरिए ATM को भी स्विच ऑन और ऑफ किया जा सकता है। इस वीडियो के इंटरनेट पर वायरल होने के बाद लोग टेंशन में आ गए हैं। क्या ऐप से ATM  को कंट्रोल किया जा सकता है? आइए जानते हैं क्या है इस वायरल वीडियो की सच्चाई..

ATM कंट्रोल करना संभव नहीं

इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं की जा सकती है। कई एक्सपर्ट्स का कहना है कि बैटरी मैनेजमेंट ऐप्स के जरिए ATM को कंट्रोल करना संभव नहीं है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स जिसने अपना चेहरा नहीं दिखाया है एक एटीएम में जाकर फोन की स्क्रीन पर ऐप के जरिए उसे ऑन और ऑफ कर रहा है। इस ऐप का इंटरफेस ई-रिक्शा को कंट्रोल करने वाले BAT-BMS की तरह ही है।

कई एक्सपर्ट ने सोशल मीडिया पर बताया कि ई-रिक्शा में बैटरी का इस्तेमाल किया जाता है, जिसे BAT-BMS जैसे ऐप्स के कंट्रोल करना संभव है। ATM बेहद सुरक्षित होता है, जिसकी वजह से इसे कंट्रोल कर पाना संभव नहीं है। एटीम को बैंक नेटवर्क से जोड़ा जाता है, जिसके लिए मल्टी-लेयर सिक्योरिटी फायरवॉल लगी होती है। उसे क्रैक करना लगभग नामुमकिन है। ऐसे में ऐप के जरिए मशीन को शटडाउन और रिस्टार्ट करना संभव नहीं है।

क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?

वायरल हो रहे वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा है कि ATM मशीन को रीबूट किया गया होगा। उसी समय शख्स ने इस वीडियो को बनाया होगा, जिसकी वजह से यह देखने में ऐसा लग रहा है कि एटीएम को ऐप के जरिए चालू और बंद किया जा रहा है। इस वायरल वीडियो के आने के बाद फिलहाल किसी बैंक की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है।

सरकार का एक्शन

ई-रिक्शा कंट्रोल किए जाने वाले मामले सामने आने के बाद सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए BAT-BMS समेत तीन ऐप्स को बैन कर दिया। MeitY ने गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर को इन ऐप्स को तुरंत प्रभाव से हटाने के निर्देश दे दिए गए। आदेश के बाद ये ऐप्स गूगल और एप्पल के स्टोर से हटा लिए गए। हालांकि, अभी भी ऐसे कई फर्जी ऐप्स मौजूद हैं, जिनका इंटरफेस BAT-BMS की तरह दिखता है।