Loading...

अहमदाबाद प्लेन हादसा- 251 DNA मैच:245 शव परिजनों को सौंपे गए

अहमदाबाद प्लेन हादसा में जान गंवाने वाले 251 मृतकों की डीएनए से पहचान हो चुकी है। 245 मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। यह जानकारी रविवार शाम अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने दी।

उन्होंने बताया कि 6 शव ऐसे परिवारों के हैं, जो ब्रिटेन के निवासी हैं। ये शव जल्द ही उनके परिवारों को सौंपे जाएंगे।

उधर, अहमदाबाद में विमान के मलबे को शिफ्ट करने के दौरान भी हादसा हो गया। ट्रक में ले रहा जा रहा प्लेन का पिछला हिस्सा एक पेड़ में फंस गया। इसके चलते शाहीबाग डफनाला से कैंप हनुमान मंदिर तक का रास्ता दो घंटे तक बंद करना पड़ा। पुलिस और फायर ब्रिगेड विभाग ने पेड़ की डालियां काटकर ट्रक को रवाना करवाया।

अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन जाने वाला विमान 12 जून को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 समेत 270 लोगों की मौत हो गई थी। प्लेन में सवार एक व्यक्ति की जान बच गई है।

विमान दुर्घटना में न केवल उसमें सवार लोगों की मौत हुई, बल्कि अहमदाबाद मेडिकल कॉलेज के कुछ डॉक्टरों की भी जान चली गई, क्योंकि विमान मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकराया था।

प्लेन क्रैश में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हुआ था एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल हैं। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है।

पायलट ने मेडे कॉल किया था फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान का आखिरी सिग्नल 190 मीटर (625 फीट) की ऊंचाई पर मिला, जो उड़ान भरने के तुरंत बाद था। भारत के सिविल एविएशन रेगुलेटर DGCA ने बताया कि विमान ने 12 जून की दोपहर 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के बाद विमान ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को मेडे कॉल (इमरजेंसी मैसेज) भेजा, लेकिन इसके बाद कोई जवाब नहीं मिला।

DGCA के अनुसार, विमान में दो पायलट और 10 केबिन क्रू सहित कुल 242 लोग सवार थे। पायलट के पास 8,200 घंटे और को-पायलट के पास 1,100 घंटे की उड़ान का अनुभव था।

एअर इंडिया के 3 अफसरों को हटाने का आदेश अहमदाबाद हादसे के बाद DGCA ने शनिवार को एअर इंडिया को 3 अफसरों को हटाने का आदेश दिया। इनमें डिविजिनल वाइस प्रेसिडेंट चूड़ा सिंह, क्रू शेड्यूलिंग करने वाली चीफ मैनेजर पिंकी मित्तल और क्रू शेड्यूलिंग की प्लॉनिंग से जुड़ी पायल अरोड़ा शामिल हैं।

तीनों अफसरों के खिलाफ यह कार्रवाई एविएशन सेफ्टी प्रोटोकॉल के गंभीर उल्लंघन को लेकर की गई। DGCA ने एअर इंडिया को तत्काल प्रभाव से इन्हें क्रू शेड्यूलिंग और रोस्टरिंग से जुड़े रोल से हटाने का आदेश दिया।