Loading...

सर्जियो गोर भारत के नए अमेरिकी राजदूत नियुक्त:ट्रम्प बोले- गोर बेहद करीबी दोस्त, उन पर पूरा भरोसा; मस्क ने इन्हें 'सांप' कहा था

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को सर्जियो गोर को भारत में अगला अमेरिकी राजदूत नियुक्त किया है। दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत की जिम्मेदारी भी सौंपी है। सर्जियो गोर भारत में अमेरिका के पूर्व राजदूत एरिक गार्सेटी की जगह लेंगे।

गार्सेटी ने 11 मई 2023 से 20 जनवरी 2025 तक इस पद पर काम किया। गार्सेटी के जाने के बाद से दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास का अंतरिम चार्ज डि’अफेयर्स जॉर्गन के. एंड्रयूज कर रहे थे।

गोर मई में टेस्ला चीफ इलॉन मस्क के साथ विवादों के बाद सुर्खियों में आए थे। मस्क ने गोर को सोशल मीडिया X पर 'सांप' कहा था। दरअसल, मस्क ने ट्रम्प से अपने करीबी जारेड इसाकमैन को NASA चीफ के लिए नॅामिनेट करने की सिफारिश की थी।

ट्रम्प ने दिसंबर 2024 में इसाकमैन को नॅामिनेट भी किया। उनकी नियुक्ति को अंतरिक्ष समुदाय और सीनेट से समर्थन भी मिला। हालांकि, 31 मई, 2025 को ट्रम्प ने गोर के कहने पर इसाकमैन का नामांकन वापस ले लिया था।

गोर की वजह से बढ़ी ट्रम्प-मस्क के बीच लड़ाई

ट्रम्प-मस्क के बीच विवाद की एक वजह गोर भी थे। ट्रम्प ने इलॉन मस्क को 20 जनवरी को डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) में शामिल किया था। अपने कार्यकाल के दौरान मस्क और गोर के बीच कई बार नोक-झोंक हुई।

न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, मार्च में एक कैबिनेट मीटिंग में मस्क और गोर के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसमें मस्क ने गोर की व्हाइट हाउस में एम्पलाई अपॉइंट करने के प्रकिया की आलोचना की थी।

गोर ने इसे व्यक्तिगत रूप से लिया और मस्क से बदला लेने की बात कही। इसके बाद मस्क ने व्हाइट हाउस में गोर के साथ काम करने से इनकार तक कर दिया था।

30 मई को मस्क के डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) से इस्तीफा देने के दो दिन बाद गोर ने ट्रम्प को मस्क के करीबी इसाकमैन के डेमोक्रेटिक पार्टी (विपक्ष) उम्मीदवारों को दिए दान के बारे में बताया। इनमें सीनेटर मार्क केली, पूर्व सीनेटर बॉब केसी, और कैलिफोर्निया डेमोक्रेटिक पार्टी को दिए गए दान शामिल थे।

गोर ने इसाकमैन के वफादारी पर सवाल उठाए और NASA के चीफ के तौर पर नामांकन रद्द करने की मांग की। 30 मई को ट्रम्प ने मस्क से इस बारे में बात की और अगले ही दिन इसाकमैन का नामांकन वापस ले लिया।

ट्रम्प ने कहा था- इसाकमैन डेमोक्रेट पार्टी से जुड़े हैं। हमने (रिपब्लिकन) चुनाव जीता है और हमें डेमोक्रेट को अपॉइंट करने की जरूरत नहीं है। NASA बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा था कि मुझे पता है मस्क, इसाकमैन का सम्मान करते हैं, लेकिन नासा के लिए मुझे नहीं लगता कि यह सही है। इससे ट्रम्प को लेकर मस्क की नाराजगी बढ़ गई थी।

ट्रम्प बोले- सर्जियो गोर पर पूरा भरोसा

ट्रम्प ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर लिखा- व्हाइट हाउस के राष्ट्रपति कार्मिक निदेशक (प्रेसिडेंशियल पर्सनल डायरेक्टर) के तौर पर सर्जियो और उनकी टीम ने अब तक रिकॉर्ड समय में करीब 4 हजार ‘अमेरिका फर्स्ट’ पैट्रियट्स की भर्ती की है।

उन्होंने लिखा कि गोर बेहद करीबी दोस्त हैं। साथ ही उन पर पूरा भरोसा है। हमारे सभी विभाग और एजेंसियां 95% तक भरी जा चुकी हैं। सर्जियो अपने मौजूदा पद पर तब तक बने रहेंगे, जब तक उनकी नियुक्ति की पुष्टि नहीं हो जाती।

ट्रम्प ने आगे लिखा कि सर्जियो कई सालों से मेरे साथ हैं। उन्होंने मेरे ऐतिहासिक राष्ट्रपति चुनाव अभियानों पर काम किया, मेरी बेस्टसेलर किताबें प्रकाशित कीं और हमारे आंदोलन को समर्थन देने वाले सबसे बड़े सुपर PAC का मैनेजमेंट किया।

प्रेसिडेंशियल पर्सनल डायरेक्टर के तौर पर गोर की भूमिका बेहद अहम रही है। एशिया जैसे सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में मेरी नीतियों को लागू करने के लिए मुझे ऐसा इंसान चाहिए, जिस पर मैं पूरा भरोसा कर सकूं। सर्जियो इस जिम्मेदारी को शानदार तरीके से निभाएंगे। बधाई हो सर्जियो!

टैरिफ विवाद के बीच गोर की नियुक्ति

सर्जियो गोर की नियुक्ति ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव बना हुआ है। वर्तमान में भारत को अमेरिकी व्यापार टैरिफ का 50% तक सामना करना पड़ रहा है, जिसमें रूस से तेल खरीद पर 25% की अतिरिक्त पेनल्टी भी शामिल है।

अमेरिका के एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में कहा गया है कि रूसी तेल खरीद की वजह से भारत पर यह एक्शन लिया गया है। इससे पहले उन्होंने 30 जुलाई को भारत पर 25% टैरिफ का ऐलान किया था। अब भारत पर कुल 50% टैरिफ लगेगा।